फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बारिश और तेज हवा से जमीन पर बिछ गए किसानों के अरमान

विज्ञापन
विज्ञापन
वीरवार की रात बारिश के साथ तेज हवाएं चलने से जिले के कई क्षेत्रों में धरती पुत्रों के अरमान जमीन पर बिछ गए। शुक्रवार सुबह फसल की हालत देखकर किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खिंच गयी। जिन खेतों में फसल गिर गई है, उनमें काफी नुकसान की संभावना जताई जा रही है। करनाल खंड, इंद्री व तरावड़ी क्षेत्र में कई गांवों में फसल गिरने की सूचना है। वीरवार शाम व पूरी रात और शुक्रवार दोपहर तक जिले में बारिश का क्रम जारी रहा। वीरवार की रात अच्छी बारिश के साथ तेज हवा चलने से फसलों को काफी नुकसान हुआ है। करनाल शहर में 14.6 एमएम बारिश दर्ज की गई है। जबकि कई इलाकों में इससे अधिक वर्षा हुई।
विज्ञापन

नबीपुर गांव के किसान कमल कुमार ने कहा कि वीरवार की रात हवा और बारिश से फसल गिरी है। बहुत नुकसान हुआ है। सुबह उन्होंने जब खेतों में जाकर देखा तो पानी खड़ा था। इन दिनों गेहूं की अगेती व मध्यम किस्मों की अच्छी बढ़वार हो चुकी है और अधिकतर खेतों में बालियां निकल आई हैं। ऐसे समय में परागण प्रक्रिया भी चलती है। जिले में गेहूं का रकबा करीब 1.70 लाख हेक्टेयर होता है। फसल गिरने से कुल उत्पादन के आंकड़े पर असर पड़ सकता है।
क्या कहते हैं वैज्ञानिक
भारतीय गेहूं एवं जौ अनुसंधान संस्थान के प्रधान वैज्ञानिक डा. अनुज का कहना है कि वर्षा के पानी से फसल को कोई नुकसान नहीं होता। तेज हवा से जो गेहूं की फसल खेत में गिर गई उससे नुकसान संभावित है। मिट्टी गिली होने और पौधा ऊपर से भारी होने के कारण तेज हवा में जड़ें हिल जाती हैं। दाना बनने की प्रक्रिया के दौरान जड़ हिलने से जमीन से पौधे में फूड मैटीरियल सही नहीं पहुंचता। जिस कारण ऐसे पौधों की बालियों में दाना छोटा रहने की संभावना रहती है।
विज्ञापन

मुख्यालय भेजेंगे रिपोर्ट
कृषि विभाग के तकनीकी अधिकारी डा. रतन सिंह का कहना है कि जिले में कई जगह हवा से गेहूं की फसल गिरने की सूचनाएं हैं। विभाग की ओर से इस स्थिति का जायजा लिया जाएगा और मुख्यालय रिपोर्ट भेजी जाएगी।
आज भी दिखाई दे सकते हैं हल्के बादल
केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को अधिकतम तापमान 25.0 व न्यूनतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस रहा। नमी 89 प्रतिशत, वाष्प दबाव 10.9 एमएम व हवा की औसत गति 7.6 किलोमीटर प्रति घंटा रही। शनिवार को सूर्योदय का समय 6.17 बजे है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग का अनुमान है कि शनिवार को हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं। 23 व 24 फरवरी को मौसम साफ रहेगा। 25 से 27 फरवरी तक कहीं-कहीं पर हल्के बादल दिखाई देने का अनुमान है।
मकान पर गिरी आसमानी बिजली, बिजली उपकरण जले
संवाद न्यूज एजेंसी
सालवन। सालवन गांव में एक मकान पर आसमानी बिजली गिरने से दहशत फैल गई। घटना के समय परिवार के सभी सदस्य व एक बच्चा चारपाई पर सोये हुए थे। आसमानी बिजली गिरने से फ्रिज, एलईडी, वाशिंग मशीन, इनवर्टर, बैटरा जल गए और कुछ कपड़ों को नुकसान हुआ है। ग्रामीण पाला व मौजी का कहना है कि वीरवार की रात करीब नौ बजे बारिश के दौरान आसमानी बिजली की कड़क गूंजी। इसी दौरान बिजली उनके घर में इनवर्टर पर गिर गई। इनवर्टर के समीप बच्चा सोया हुआ था। गनीमत यह रही कि बच्चा व उनके परिवार के सदस्य बच गए। उन्हें बड़ा नुकसान हुआ है। घर में दहशत का माहौल बना हुआ है। पूरी रात परिवार के सदस्य सो नहीं सके।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें