करनाल। हरियाणा संयुक्त कर्मचारी मंच की जिला कमेटी करनाल की एक बैठक मंगलवार को यूनियन कार्यालय में हुई। इसका मंच संचालन जिला सचिव कुलदीप राणा ने किया। राज्य चेयरमैन सत्यपाल वर्मा ने बताया कि अधिकारी हरियाणा सरकार एवं प्रमुख अभियंता द्वारा जारी सुविधाओं को लागू न करके कर्मचारियों को नुकसान पहुंचाने और सरकार को बदनाम करने का काम कर रहे हैं। राज्य चेयरमैन ने कर्मचारियों की लंबित मांगों को लेकर यूनियन को चेतावनी दी है।
चेयरमैन साहब सिंह धीमान ने बताया कि कर्मचारियों की मुख्य समस्याओं में मेडिकल बिलों का समय पर भुगतान न करना, एसीपी समय से लागू न करना, टीए बिलों का समय पर भुगतान न करना, एचकेआरएनएल पोर्टल पर कर्मचारियों का नाम न चढ़ाना और अपने चहेतों के ही नाम चढ़ाना, एलटीसी का भुगतान न करना, कच्चे कर्मचारियों की तनख्वाह का भुगतान न करना और सेवा नियमों के तहत प्रमोशन न करना आदि शामिल रहा है जिसे पूरा करने की वे मांग कर रहे हैं। राज्य चेयरमैन सत्यपाल वर्मा ने तीनों विभागों सिविल शाखा, जनस्वास्थ्य विभाग और बिजली निगम के अधीक्षक अभियंताओं को चेताया कि अगर इन सभी समस्याओं का समाधान अपने स्तर पर नहीं किया तो अगले माह के पहले सप्ताह में उनके कार्यालयों के बाहर धरना प्रदर्शन कर घेराव किया जाएगा।
इस मौके पर राज्य उपप्रधान जसमेर लाल शर्मा, राज्य कार्यालय सचिव कृष्ण मलिक, राकेश भट्टी, जसबीर राणा, जयपाल, पवन आदि कर्मचारी व नेता भी मौजूद रहे।