शहर के जाटो गेट पर वीरवार रात सवा आठ बजे दो युवकों ने दूध लेने जा रही एक लड़की को गोलियां मार दी। इसके बाद दोनो आरोपी फरार हो गए।
राहगीरों और परिजनों ने गंभीर लड़की को कल्पना चावला अस्पताल में दाखिल करवाया। घटना की सूचना के बाद मौक पर पहुंचे अधिकारियों ने जांच की और शहर में नाके लगाकर युवकों की तलाश जारी है।
इसके बाद पुलिस अधिकारी बयान लेने के लिए अस्पताल गए, जहां डॉक्टर ने लड़की की हालत को चिंताजनक बताकर बयान देने में अनफिट बताया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लड़की के ऊपर चार फायर किए गए, उसमें से उसे तीन गोलियां लगीं हैं।
लड़की हाईवे के एक पेट्रोल पंप पर तेल डालने का काम करती है। जाटो गेट की रहने वाली साक्षी दूध लेने जा रही थी। दो युवकों ने अचानक उस पर गोलियां चला दीं, जिससे घटना स्थल पर अफरातफरी मच गई।
इसके बाद आरोपी फरार हो गए। घटना की सूचना के बाद डीएसपी सिटी सुनील कुमार, एसएचओ शहर नायब सिंह, एसएचओ सिविल लाइन गुरविंदर सिंह, सीआईए वन इंचार्ज वीरेंद्र राणा, सीआईए टू इंचार्ज अमन कुमार मौके पर पहुंचे।
डीएसपी के अनुसार पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है। जल्द ही काबू कर लिया जाएगा। पीड़ित अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है।
गलती से जहरीला पदार्थ निगला, मौत
बुखार व सिरदर्द के चलते रात के अंधेरे में गलती से जहरीली दवाई खाने से लड़के की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के ताऊ के बयान पर कार्रवाई की है। अराईपुरा का रहने वाला 18 वर्षीय सलीम आठवीं में पढ़ता था। बुधवार देर रात अचानक उसे बुखार व सिरदर्द की शिकायत हुई लेकिन बिजली नहीं होने के कारण सलीम ने घर पर रखी जहरीली दवा को गलती से गटक लिया।
परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए लेकिन देर रात सलीम ने दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी ने बताया कि मृतक के माता-पिता की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है, सलीम का पालन पोषण उसका ताऊ नवाब अली कर रहा था।
ट्रेन से गिरे कुरुक्षेत्र के युवक की जान गई
गांव लौट रहे युवक की ट्रेन से गिरकर मौत हो गई। कुरुक्षेत्र के बराना का रहने वाला 30 वर्षीय सचिन घरौंड़ा में काम करता था। प्रतिदिन की तरह बुधवार को सचिन गांव आ रहा था। अचानक बजीदा रेलवे स्टेशन के समीप ट्रेन से गिरकर मौत हो गई।
पुलिस ने वीरवार की सुबह सचिन का शव रेलवे लाइन से बरामद करने किया। जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर राममूर्ति ने बताया कि पुलिस को सुबह छह बजे बजीदा व घरौंड़ा के बीच शव की सूचना मिली थी, कुछ ही देर बात पहचान हो गई। हादसा बुधवार देर रात का प्रतीत होता है।
डेढ़ किलो चरस बरामद, एक काबू
इंद्री में सीआईए वन पुलिस ने गांव जैनपुर साधान निवासी एक व्यक्ति को डेढ़ किलो चरस के साथ काबू किया है। आरोपी को शुक्रवार अदालत में पेश किया जाएगा।
एएसआई सुरेंद्र राणा ने बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि गांव जैनपुर साधान निवासी डब्ल्यूजेसी नहर के समीप चरस के साथ आ रहा है। सीआईए पुलिस ने आरोपी को धर दबोचा।