तरावड़ी। ट्रेन के इंजन को करेंट सप्लाई करने वाली ओएचसी तारों में आई खराबी के कारण भैणीखुर्द रेलवे स्टेशन के पास का रेलवे ट्रैक बंद रहा और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ही शुरू हो पाया। ओएचसी तारों में ये खराबी सुबह करीब चार बजे आई। इस दौरान अंबाला की ओर जाने वाली लंबी दूरी की आधा दर्जन ट्रेनों को करनाल व अन्य स्टेशनों पर ही रोकना पड़ा। इससे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। वे करीब दो घंटे देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचे।
जानकारी के अनुसार सुबह करीब चार बजे भैणीखुर्द रेलवे स्टेशन के पास रेल के इंजन को बिजली सप्लाई करने वाला तार टूट गया और जो गाड़ी जहां थी, वहीं रुक गई। इस दौरान दिल्ली से अंबाला की ओर जा रही 2471 सुपर मेल, बरोनी एक्सप्रेस, दादर एक्सप्रेस व ऊंचाहार एक्सप्रेस को भैणीखुद से पीछे जहां जिस स्टेशन पर थी उन्हें वही रोकना पड़ा। रेलगाड़ियाें को जल्द से जल्द सुचारु करने के लिए रेलवे के इंजीनियर सुबह चार बजे ही मौके पर पहुंचे। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद करीब सवा छह बजे बिजली की लाइन को दुरुस्त किया गया अटकी गाड़ियाें को आगे निकाला गया। तरावड़ी रेलवे स्टेशन पर रुकी मालगाड़ी भी जिसका आधा हिस्सा भैणीखुर्द की ओर बकाया रह गया था पिछले इंजन में सप्लाई बंद होने के कारण उसे भी बिजली सप्लाई शुरू होने तक यही रुके रहना पड़ा।
तरावड़ी रेलवे स्टेशन मास्टर आरपी कल्याण का कहना है कि मंगलवार की रात को उनका रेस्ट था और उन्हें सुबह चार बजें विभाग की ओर से जानकारी दी गई और तुरंत स्टेशन पर पहुंचने के लिए कहा गया। उनका कहना था कि भैणीखुर्द स्टेशन के पास हुई ओएचसी तारों की खराबी के कारण ट्रैक दो घंटे तक बंद रहा और सुबह करीब सवा छह बजे इसे दुरुस्त कर लिया गया। जिसके बाद रेल गाड़ियों का आवागमन सुचारु हो गया।
बाक्स
घरौंडा। रेलवे लाइन की भैनी व तरावड़ी रेलवे स्टेशन के बीच मंगलवार सुबह बिजली तार के टूटने से प्रभावित गाड़ियाें के यात्री और फौजी को काफी दिक्कतें हुईं। उन्होंने गाड़ी में पानी की कमी होने के स्टेशन पर लगी टोंटिंयों से पानी भर कर काम चलाया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह लगभग चार बजे भैनी व तरावड़ी के बीच अचानक रेलवे लाइन की बिजली की तार टूटने से कई गाड़ियों को ब्रेक लगानी पड़ी। गाड़ियों के ब्रेक लगने के कारण सुबह छह बजकर चार मिनट पर पानीपत से अंबाला जाने वाली लोकल रेलगाड़ी नंबर 64543 घरौंडा समय पर नहीं पहुंच पाई और यात्रियों को गाड़ी के दो घंटे देरी से आने की सूचना यात्रियों को दी गई। सूचना मिलने पर यात्री स्टेशन पर भटकते रहे। जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं सुबह लगभग चार बजे एक फौजियों की गाड़ी स्टेशन पर रूकी थी। बताया जाता है कि गाड़ी को सिग्नल ने मिलने से गाड़ी लगभग छह घंटे तक स्टेशन पर ही रु की रही। गाड़ी के इतने लंबे समय से रुकने के कारण फौजियों को पानी की दिक्कत हुई। जिससे फौजी स्टेशन पर पानी तलाशते रहे। फौजियों ने टोंटिंयों पर बाल्टियों से पानी भर कर काम चलाया।
स्टेशन मास्टर शीशपाल ने बताया कि मंगलवार की सुबह लगभग चार बजे भैनी व तरावड़ी स्टेशन के बीच रेलवे लाइन पर तार टूट गई, इससे अंबाला की ओर जाने वाली गाड़ियां प्रभावित हो गई है।