माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम की कार्रवाई से बचने के लिए विधायक जगमोहन आनंद ने कुंजपुरा रोड के दुकानदारों को निगम से 15 दिन की मोहलत तो दिला दी लेकिन आपसी विचार विमर्श करने के लिए तय समय पर कोई भी बाजार का दुकानदार निगम में नहीं पहुंचा।
मेयर से लेकर आयुक्त और पार्षद तक उनका इंतजार करने के बाद चले गए। हालांकि विधायक के आश्वासन के बाद बाजार के दुकानदार दो सप्ताह तक तो कार्रवाई से भयमुक्त हैं लेकिन इसके बाद निगम की कार्रवाई होना भी तय है। इनके अलावा बाजार की समस्याओं को लेकर भी विचार विमर्श किया जाना था वह भी नहीं हो पाया।
बता दें कि निगम ने कुंजपुरा रोड बाजार के दुकानदारों को शनिवार को अवैध रूप से बनाए छज्जों को हटाने के नोटिस दिए थे। इसके लिए तीन दिन का समय देते हुए चेतावनी दी थी कि इसके बाद निगम कार्रवाई करेगा। इस पर कुंजपुरा रोड के दुकानदार रविवार को निगम कार्यालय में विधायक, मेयर और आयुक्त से मिलने पहुंचे।
मेयर ने उन्हें एक दिन की मोहलत दी। दुकानदारों के आग्रह पर विधायक ने उन्हें 15 दिन का समय दिलाया। विधायक जगमोहन आंनद ने कहा कि 15 दिन तक निगम टीम दुकानदारों पर किसी प्रकार की कोई कार्रवाई न करें। तब तक दुकानदार अपने छज्जों को खुद हटा लेंगे।
इसे लेकर सोमवार को विधायक ने दुकानदारों, मेयर और आयुक्त के साथ बैठकर सर्व सम्मति से हल निकालने की बात भी कही। लेकिन तय कार्यक्रम अनुसार दुकानदार मिलने नहीं आए।