- निसिंग की मंडी में शुरू हुआ तोल, कुंजपुरा में मंडी एक दिन बाद खुली
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। अनाज मंडियों में खरीद के बाद भी उठान न होने से व्यवस्था चरमरा गई है। हालात यह हैं कि 65 फीसदी तक बिका हुआ गेहूं भी मंडियों में है, जिसे अभी तक एजेंसियों ने उठाया नहीं है। ऐसे में कटाई के बाद मंडी पहुंचने वाले किसानों को अपनी फसल उतारने के लिए जगह नहीं मिल रही है। इधर, मौसम किसानों के दिलों की धड़कन बढ़ा रहा है।
शुक्रवार को हुई बरसात से भी कई जगह गेहूं बीगा। इसके अलावा अंधड़ के कारण खेतों में खड़ी फसल भी कई जगह बिछ गई। इन्हें अब किसानों को हाथ से कटवाना पड़ेगा। इधर, मौसम विभाग ने रविवार को भी मौसम खराब रहने की संभावना जताई है। ऐसे में यदि मंडियों में उठान नहीं हुआ तो गेहूं का नुकसान और होगा। शुक्रवार को बरसात से शहर में कम जबकि ग्रामीण क्षेत्र में मूनक, निसिंग, तरावड़ी आदि में कई जगह गेहूं भीगा। इसके अलावा बारदाना पहुंचने के बाद शनिवार को तौल कार्य ने रफ्तार पकड़ी। वहीं कुंजपुरा की मंडी में एक दिन की छुट्टी के बाद आवक शुरू हुई।
आंकड़ों पर नजर डालें तो जिले की सभी मंडियों में पहुंचे गेहूं में से करीब 20 हजार मीट्रिक टन की खरीद होना शेष है। जिले में करीब 6 लाख 29 हजार 770 मीट्रिक टन गेहूं की आवक विभिन्न परचेज सेंटरों व मंडियों में हुई। जिसमें से छह लाख नौ हजार 170 मीट्रिक टन की खरीद हुई। इसमें खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा 345425 मीट्रिक टन, हैफेड द्वारा 248848 और हरियाणा वेयर हाउसिंग द्वारा 14897 मीट्रिक टन गेहूं खरीदा गया। ब्यूरो
बारिश और ओलावृष्टि के आसार
करनाल। मौसम को लेकर विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी किया हुआ है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, 18 अप्रैल को पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ। जिसके चलते 18 से 20 अप्रैल के दौरान उत्तरी पर्वतीय क्षेत्रों पर बर्फबारी और हल्की से मध्यम बारिश, ओलावृष्टि होने की संभावना है। करनाल सहित जीटी बेल्ट के जिलों में बूंदाबांदी और तेज गति से हवाएं चलने अंधड़ की गतिविधियों की संभावना बन रही है। वहीं 20 अप्रैल के बाद गर्मी का प्रकोप दिखेगा। 24 अप्रैल तक तापमान में उछाल रहेगा। जिले में शनिवारर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। जो कि सामान्य से 2.2 डिग्री कम रहा। वहीं न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। जो सामान्य से तीन डिग्री ज्यादा है। 25 अप्रैल तक तापमान 39 डिग्री सेल्सियस तक जाने की संभावना है। ब्यूरो