खंड के राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को बुनियाद लेवल वन की परीक्षा थी। जैसे ही परीक्षा खत्म हुई परीक्षा केंद्र बने स्कूल के जर्जर भवन की दीवार ढह गई। गनीमत रही कि उस समय कोई दीवार के नजदीक नहीं था, हालांकि दीवार के नजदीक खड़ी बाइक को नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार, स्कूल के जर्जर भवन को तोड़ने का ठेका दे रखा है। कई दिनों से ठेकेदार के मजदूर भवन को तोड़ रहे थे। इसी दौरान बुधवार को स्कूल की दीवार ढह गई। हालांकि लेवल वन की परीक्षा के कारण स्कूल की छुट्टी थी। ठेकेदार ने तुरंत दीवार का निर्माण शुरू कर दिया। दीवार भी करीब 50 साल पुरानी बताई जा रही है। जर्जर भवन होने के बावजूद यहां परीक्षा केंद्र बना दिया गया। हालांकि मौके पर बताया गया कि जिस भवन की दीवार गिरी है, भवन का वो क्षेत्र खाली करा रखा था, यहां पर परीक्षार्थी नहीं बैठे थे। परीक्षा में कुल 298 विद्यार्थियों ने भाग लिया, जबकि 33 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे। प्रिंसिपल ज्योत्सना मिश्रा की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से परीक्षा हुई। इस अवसर पर बीईओ कर्म चंद, बरास स्कूल के प्रिंसिपल सुखबीर सिंह, जिला गणित विशेषज्ञ छत्रसाल और श्यामलाल शर्मा मौजूद रहे।