यदि आपको शहर में अपने किसी प्लाट या घर की रजिस्ट्री करवानी है तो पहले लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्र में पहले समय लेना पड़ेगा। इसके बाद वहां से मिली तारीख के अनुसार तहसील कार्यालय में पहुंच कर रजिस्ट्री हो पाएगी।
कैथल के डीसी एनके सोलंकी ने नव वर्ष के आगमन पर जन सुविधाओं में एक ओर कड़ी जोड़ते हुए लघु सचिवालय स्थित ई-दिशा केंद्र में स्थापित हैरिस अपाएंटमेंट मैनेजमेंट प्रणाली का विधिवत रूप से शुभारंभ किया। उन्होंने इस मौके पर इस प्रणाली की ओर से भूमि पंजीकरण के लिए आने वाले प्रार्थियों को दी जाने वाली सुविधाओं के बारे में जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी दीपक खुराना से विस्तृत जानकारी भी हासिल की।
डीसी ने उद्घाटन के मौके पर अपाएंटमेंट के लिए आई एक महिला प्रार्थी को पंजीकरण के लिए निर्धारित समय और तिथि की स्लिप भी सौंपी और बताया कि राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र हरियाणा की ओर से एक ऐसी प्रणाली विकसित की गई है, जिसके माध्यम से पंजीकरण करवाने वाला प्रार्थी उसे दी गई निर्धारित तिथि एवं समय अनुसार अपने दस्तावेजों का पंजीकरण अविलंब करवा पाएगा।
इससे न केवल पंजीकरण करवाने वाले का समय बचेगा, बल्कि वह तहसील कार्यालय के अनावश्यक चक्कर लगाने के सिलसिले से भी मुक्त हो जाएगा। उन्होंने जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी के हवाले से बताया कि डीड रजिस्ट्रेशन करवाने से पहले प्रार्थी को इस काउंटर से अपाएंटमेंट लेना होगा, यह सुविधा समय व तिथि खाली उपलब्ध होने पर प्रार्थी की ईच्छा अनुसार भी उसे दी जा सकेगी।
यह अपाएंटमेंट क्रेता या विक्रेता द्वारा अधिकृत प्रतिनिधि भी प्राप्त कर सकेगा। इसके लिए प्रतिनिधि को अपना आईडी प्रूफ दिखाना होगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस काऊंटर से निर्धारित तिथि व समय की मिलने वाली स्लिप के बाद ही दस्तावेज पंजीकरण के लिए तहसीलदार के कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।
जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी ने इस मौके पर बताया कि प्रार्थी द्वारा इस काऊंटर पर आवेदन करने के समय उसे मोबाईल नंबर, फोटो पहचान पत्र एवं संबंधित दस्तावेजों के स्टांप पेपर के नंबर दर्ज करवाने होंगे। इस मौके पर एडीसी अरविंद मल्हान, उपमंडलाधीश नरहरि सिंह बांगड़, जिला राजस्व अधिकारी राजबीर धीमान, डीडीपीओ राजेश कौथ, तहसीलदार रोशन लाल, कृषि उपनिदेशक पवन शर्मा, डीआईपीआरओ रणधीर शर्मा, नायब तहसीलदार जयभगवान शर्मा व धवन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।