शेड्यूल किया जारी, चार जनवरी को जारी होगी अंतिम अधिसूचना
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम के चुनाव की सरगर्मियां तेज हो रही हैं, क्योंकि करनाल के साथ-साथ राज्य के पानीपत, रोहतक, यमुना नगर और हिसार नगर निगम का निर्वाचित बोर्ड का कार्यकाल तीन जनवरी को खत्म हो रहा है। इसके साथ ही दो नगर पालिकाओं पुंडरी व जाखल मंडी का भी कार्यकाल इसी के साथ पूरा हो रहा है। अब इनमें चुनाव कराने की प्रक्रिया को पूरी करने की तैयारी हरियाणा सरकार ने शुरू कर दी है। इसी क्रम में वार्डबंदी का कार्य पूरा करके चार जनवरी-2024 को वार्डबंदी को अंतिम अधिसूचना जारी करने के लिए शेड्यूल जारी कर दिया गया है।
करनाल नगर निगम के निर्वाचित महापौर व सदस्यों का कार्यकाल तीन जनवरी-2024 को पूरा हो रहा है। इसलिए नियमानुसार जनवरी-2024 में ही चुनाव होने चाहिए। हालांकि अभी तक सरकार या नगर निगम में माहौल चुनावी नहीं लग रहा है, क्योंकि अधिकतर पार्षद ये मानकर बैठे हैं कि सरकार शायद लोक सभा व विधान सभा के चुनाव के बाद ही नगर निगम के चुनाव कराएगी। इन्हीं आशंकाओं के बीच हरियाणा सरकार ने इन पांचों निगमों व दो नगर पालिकाओं के निगमायुक्तों व सचिवों को 18 नवंबर को ही वार्डबंदी के लिए एडहॉक कमेटियों के गठन का पत्र जारी किया था। इसके बाद 22 नवंबर को इन निकायों में वार्डबंडी का शेड्यूल भी तय कर दिया है। जिस पर मंगलवार से कार्य शुरू हो जाएगा। वार्डबंदी का शेड्यूल जारी होने के बाद पार्षदों में भी ये चर्चा तेज हो गई है कि सरकार चुनाव जनवरी 2024 में भी करा सकती है।
अधूरे कार्य पूरा कराने में जुटे पार्षद
चुनाव सरकार कब कराएगी, ये सरकार ही जाने, लेकिन इतना तो तय है कि निर्वाचित पार्षदों व महापौर का कार्यकाल के 37 दिन बचे हैं, इनमें यदि अवकाश निकाल दिए जाए तो सिर्फ एक महीने का समय शेष है। यही कारण है कि इन दिनों सभी पार्षद अपने-अपने वार्ड में अधूरे विकास कार्यों को पूरा कराने में जुटे हैं। इसके साथ-साथ अधिकतर पार्षद अपने प्रयासों से पिछले पांच सालों में कराए गए विकास कार्यों की सूची भी तैयार करा रहे हैं ताकि अगली बार जब वह चुनावी मैदान में जाएं तो लोगों को ये बता सकें कि उन्होंने पिछले कार्यकाल में वार्ड में ये विकास कार्य कराए हैं।
वार्डबंदी के साथ-साथ वार्डों की सीटों का भी आरक्षण होता है। ये एक आवश्यक प्रक्रिया होती है, जो हर चुनाव से पहले होती है, क्योंकि इस बार आधारकार्ड आधारित मतदाता होंगे, संभावना कम है, लेकिन फिर भी जनसंख्या के आंकड़े सामने आने पर ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। वैसे भी वार्डबंदी की प्रक्रिया से कोई नुकसान या फायदा नहीं है, लेकिन व्यवस्थागत सुधार तो होता ही है।
- रेणू बाला गुप्ता, महापौर, नगर निगम करनाल
वार्डबंदी के आदेश तो सरकार ने जारी कर दिए हैं, जिस पर मंगलवार से कार्यवाही शुरू हो जाएगी। इसका फायदा या नुकसान नहीं होता है, ये तो एक प्रक्रिया है, जो चुनाव से पहले होती है। जहां तक नए वार्ड बनने की संभावना है तो इसकी जानकारी जनसंख्या के आंकड़े सामने आने के बाद ही हो सकेगा। इस बार आधारकार्ड आधारित मतदाता हैं, जितने मतदाता होंगे, उसी हिसाब से आगे की कार्यवाही होगी।
- एडवोकेट नवीन कुमार, डिप्टी मेयर, नगर निगम करनाल
ये है वार्डबंदी का शेडयूल
- 28 नवंबर-2023 हरियाणा परिवार पहचान पत्र अथॉरिटी निगम को पीपीपी का डाटा देगी
- 04 दिसंबर-2023 सीटों का आरक्षण तय किया जाएगा
- 12 दिसंबर-2023 एडहॉक कमेटी के अधिकारी डीसी व डीएमसी के साथ बैठक करेंगे
- 14 दिसंबर-2023 हिंदी व अंग्रेजी में वार्डबंदी की अधिसूचना जारी की जाएगी
- 18 दिसंबर-2023 वार्डबंदी का मसौदा तैयार कर उसका प्रकाशन कर किया जाएगा
- 27 दिसंबर-2023 प्रकाशित मसौदे के आधार पर आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी
- 29 दिसंबर-2023 डीसी आपत्तियों को सुनकर, निस्तारण कर रिपोर्ट मुख्यालय भेजेंगे
- 04 जनवरी-2024 वार्डबंदी के बाद अंतिम अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।
- 12 जनवरी -2024 एडहॉक कमेटी की ओर से वार्डों के आरक्षण के संदर्भ में बैठक होगी।
- 16 जनवरी-2024 वार्ड आरक्षण की अंतिम अधिसूचना जारी कर दी जाएगी।