करनाल। मोहिद्दीनपुर गांव के डाकघर में दिनदहाड़े चाकू की नोक पर डाकघर लूटने के मामले में पुलिस ने आरोपी नलीपार वासी रवि को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 30 जुलाई को पोस्टमास्टर अमीषा को चाकू दिखाकर शाखा के 52,266 रुपये और बैग लूटा था।
पूछताछ में सामने आया है कि रवि ने बड़ागांव में मीट शॉप खोली थी। इसमें घाटा हुआ और 25 हजार रुपये का कर्ज हो गया। कर्ज को उतारने के लिए उसने लूट की योजना बनाई थी। सोमवार को पुलिस ने उसे मेडिकल के बाद अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीआईए-1 टीम के प्रभारी संदीप कुमार और कृष्ण कुमार ने बताया कि मामले के बाद से पुलिस सतर्क थी। बड़ागांव रोड मुगल माजरा टी-पॉइंट से नाकाबंदी करके आरोपी रवि को गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से मौके पर 51,020 रुपये, लूट में प्रयोग किया गया चाकू, महिला का बैग और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की गई।
सीआईए-1 टीम के प्रभारी ने बताया कि अब से पहले आरोपी रवि पर एक झगड़े का केस दर्ज है। आरोपी पहले कंबाइन का चालक था। उसने यह काम छोड़कर कुछ समय पहले बड़ागांव में मीट की दुकान खोली थी। काम में घाटा हुआ। 25 हजार रुपये का कर्ज हो गया था। इसी कर्ज को उतारने के लिए उसने डाकघर लूटने की योजना बनाई थी।
ग्राहक बनकर डाकघर में घुसा था
वारदात 30 जुलाई को दोपहर करीब 1:25 बजे हुई थी। मोहिद्दीनपुर डाकघर में ब्रांच पोस्टमास्टर अमीषा अकेली थीं। आरोपी रवि बाइक पर सवार होकर डाकघर में दाखिल हुआ। चेहरा कपड़े से ढका हुआ था। ग्राहक बनकर नकदी निकलवाने की बात कही। बाद में चाकू निकालकर धमकाया और डाकघर में जमा नकदी लूट ली।
सीसीटीवी फुटेज से हुई थी पहचान
ब्रांच पोस्टमास्टर अमीषा ने बताया कि दिनभर के लेन-देन के 52,266 रुपये लूटे गए थे। इस नकदी को रोजाना की तरह मधुबन स्थित मुख्य डाकघर में जमा करवाया जाना था। वारदात के तुरंत बाद उन्होंने अपने सीनियर अधिकारियों को सूचित कर डायल-112 नंबर पर कॉल की थी। सदर थाना प्रभारी तरसेम चंद ने बताया कि आरोपी की पहचान डाकघर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से हुई थी।