संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक नौकर मालिक को नशीला पदार्थ खिला उसके गहने व नकदी लेकर फरार हो गया। बेहोश पड़े मालिक को उसके जीजा ने अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को शिकायत दी। सेक्टर-32 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-35 निवासी तरुण ने बताया कि उसने अपने साले अवेश अरोड़ा को किराये पर फ्लैट दिया है। उसके साले ने सफाई व खाना बनाने के लिए एक युवक गणेश बहादुर को डेढ़ साल से रखा था। नौ अप्रैल को वह अपने साले से मिलने उसके फ्लैट पर गया तो देखा कि साला बेहोशी की हालत में बिस्तर पर लेटा था। उसे उठाने की कोशिश की मगर नहीं उठा। फिर उसे वह कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज में ले गया। उसके साले की सोने की चेन, अंगूठी व करीब डेढ़ लाख रुपये भी नकदी गायब थी। उसने नौकर गणेश को फोन किया तो नंबर बंद मिला और घर से भी गायब है। संवाद