करनाल। शहर के राजीवपुरम क्षेत्र में करीब डेढ़ सप्ताह पहले वृद्ध महिला कैलाशवती की हत्या उसके दामाद ने प्लाट के पैसे लेने की खातिर कर दी। थाना सदर पुलिस ने जांच के बाद आरोपी दामाद को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
थाना सदर पुलिस के प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बताया कि वृद्धा चार नंबर गली में रहती थी। उसका दामाद और बेटी इसी क्षेत्र के तीन नंबर गली में रहते थे। दामाद राजकुमार शहर के एक्सिस बैंक में सुरक्षा कर्मी था। पूछताछ के दौरान राजकुमार ने बताया कि महिला करीब 25 साल से उनके पास रहती थी। महिला के दो बेटे पानीपत में रहते हैं। महिला के नाम राजीवपुरम में प्लाट और मकान है। इस प्लाट को बेच कर महिला अपने बेटोें को पैसा देना चाहती थी और उनके पास पानीपत जाना चाहती थी। इस बात पर दामाद राजकुमार को गुस्सा आया और उसने अपनी सास की हत्या कर दी। बाद में अपने घर जाकर नहाने और कपडे़ धोने के बाद ड्यूटी पर चला गया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी को जेल भेज दिया है।