संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। अमर भवन चौक स्थित राम मंदिर धाम वार्ड-सात में हनुमान जयंती महोत्सव पर प्रभात फेरी का सोमवार को तीसरा दिन रहा। सनातन धर्म राम मंदिर सभा और वार्ड- सात के भारतीय महावीर दल ने हनुमान जयंती महोत्सव पर प्रभातफेरी निकाली। प्रभातफेरी राम मंदिर से प्रारंभ होकर सनौली रोड से होती हुई अमर भवन चौक, खैल बाजार से होते हुए वापस राम मंदिर पहुंची। प्रभातफेरी का स्वागत ज्ञानचंद आहुजा, सनी वधवा, अनिल शर्मा, गुलशन खुराना ने किया। इस दौरान भजन गायक रवि आहुजा, पंकज आहुजा, हिमांशु शर्मा और जवाहर जुनेजा ने हनुमान के मधुर धुन में भजन गाए। महिला मंडली और श्रद्धालुओं ने सामूहिक नृत्य किया।
महावीर दल के प्रधान विजय सहगल ने बताया कि हनुमान जयंती वाले दिन प्रभातफेरी शोभायात्रा का रूप लेगी। प्रभातफेरी कार्यक्रम वार्ड-सात स्थित राम मंदिर धाम में हनुमान जयंती 19 अक्तूबर तक चलेगा। इस दौरान सुबह छह बजे प्रभातफेरी का मंदिर से शुभारंभ होकर मंदिर में आकर ही समापन होगा। सोमवार को सुबह छह बजे प्रभातफेरी राम मंदिर से शुरू हुई, जो अमर भवन चौक से खेल बाजार होती हुई मंदिर में पहुंची। इस दौरान लोगों ने छोले-पुरी, छोले कुल्चे, सैंडविच आदि का श्रद्धानुसार प्रसाद का भोग लगाया। महिलाओं ने संकीर्तन किया। प्रभातफेरी के बाद प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर जवाहर जुनेजा, बसंत रामदेव, कृष्ण वधवा, अनिल खुराना, दीपक कालरा, पंकज आहुजा, नमन चुघ, सोनू खुराना, देवेंद्र रेवड़ी, राम धीर, मनीष बतरा, योगेश तनेजा, दर्शन रेवड़ी, सतीश और रामदेव उपस्थित रहे।