करनाल। होली पर बुधवार को जिले में खूब अबीर और गुलाल उड़ा। किसी ने रंगों से होली खेली तो कहीं पुष्प वर्षा की गई। कोई भजनों पर झूमा तो किसी ने फिल्मी गीतों व ढोल की थाप पर मस्ती की। ऐसे में होली पर मस्ती और भक्ति का संगम दिखाई दिया।
किसी ने मित्रों सेग गुलाल खेला तो कोई मंदिर व अन्य धार्मिक स्थल पर भक्ति के रंग में रंगा दिखाई दिया। बुधवार को सुबह से ही लोगों ने एक-दूसरे को अबीर गुलाल लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। यह सिलसिला शाम तक चला।
श्याम बाबा के दरबार में की पानी की बौछारें : करनाल। श्री खाटू श्याम मंदिर में भी श्रद्धालुओं ने होली का पर्व मनाया। पंडित दीपक पांडे, अनिता पांडे, उमेश पांडे, सोनू सहित अन्य श्रद्धालुओं ने पहले मंदिर में भगवान के दर्शन कर पूजा की और उसके बाद एक दूसरे को रंग गुलाल लगाकर शुभकामनाएं दी। फिल्मी गीतों की धुन पर सभी ने जमकर नृत्य किया। मंदिर परिसर में लगाए गए पानी के पाइप से एक दूसरे पर पानी की बौछार कर सभी ने होली के रंग में सराबोर होकर आनंद उठाया। संवाद