- वारदात या हादसे होने पर कैसे पकड़े जाएंगे आरोपी, सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में सामने आया मामला
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। हाईवे पर घरौंडा और तरावड़ी में लगे सीसीटीवी खराब हैं। इसके अलावा शहर में लगे 199 सीसीटीवी में से 58 बंद हैं। यदि कोई हादसा होता है या लूट, चोरी या अन्य कोई वारदात होती है तो उसे कैसे ट्रेस किया जाएगा, अपराधी कैसे पकड़े जाएंगे। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में यह मामला सामने आने पर एडीसी ने स्मार्ट सिटी के अधिकारियों को एक माह में इन्हें दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह में यह भी सर्वे करने के लिए कहा कि कहां-कहां और कैमरे लगाए जा सकते हैं।
वहीं शहर में बढ़ रहे हादसों में कमी लाने के लिए अब पुलिस सख्ती बरतेगी। एडीसी ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में पुलिस अधिकारियों को अभियान चलाते हुए यातायात नियमों की अवहेलना करने वालों पर सख्ती के निर्देश दिए हैं। खास तौर पर दो पहिया वाहन पर तीन सवारी, लाल बत्ती तोड़ना, बिना हेलमेट वाहन चलाना, कार के शीशों पर ब्लैक फिल्म व बिना हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के चलने वाले वाहनों पर शिकंजा कसा जाएगा।
इसके अलावा मनमाने ढंग से चलाने वाले ई-रिक्शा चालकों पर भी पुलिस कार्रवाई करेगी। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ई-रिक्शा चालकों की मनमानी का मुद्दा उठा। गैर सरकारी सदस्यों ने हादसों में इसे भी वजह बताया तो एडीसी ने सख्ती के आदेश दिए। डीएसपी ने रिपोर्ट देते हुए कहा कि 200 से ज्यादा ई-रिक्शा इंपाउंड किए हुए हैं और एक हजार के करीब चालान भी किए थे। अब फिर लापरवाही बढ़ रही है। बैठक में आरटीए सचिव विजय देसवाल ने पुलिस और आरटीए की ओर से की गई कार्रवाई की रिपोर्ट भी प्रस्तुत की। इसके अलावा शहर में बेसहारा पशुओं का मुद्दा भी उठा, इन्हें भी पकड़ने के निर्देश दिए गए। वहीं बरसाती मौसम खत्म होते ही सड़कों के गड्ढे भरने के भी निर्देश दिए।
अभी लेन बदलने पर सबसे ज्यादा कार्रवाई
बैठक में पुलिस विभाग की ओर से जुलाई माह में किए चालान की रिपोर्ट प्रस्तुत की गई। कुल 3905 चालान हुए। इनमें 1818 गलत लेन में वाहन चलाने या लेन बदलने, ओवर स्पीडिंग के 768, बिना हेलमेट के 76, शराब पीकर गाड़ी चलाने के 16 और बिना आरसी के 95, बिना ड्राइविंग लाइसेंस के 81, बिना नंबर प्लेट के 183, तीन सवारी बैठाने के 59, गलत दिशा में गाड़ी चलाने के 451, गलत पार्किग के 356, थर्ड पार्टी इंश्योरेंस के 36 और वायु प्रदूषण के 30 चालान काटे गए। जिनसे 12.93 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया।