संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। एक ओर तो नगर निगम शहर को अतिक्रमण से मुक्ति दिलाने का दावा कर रहा है, वहीं दूसरी ओर से सेक्टरों में फुटपाथ पर कब्जा बना हुआ है। सेक्टर-7 के फुटपाथ पर ही रेहड़ियां लगी हैं। लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है।
सेक्टर-8 व सेक्टर 12 के फुटपाथ पर भी रेहड़ी और फड़ वालों ने कब्जा कर रखा है। फुटपाथ पर नेत्रहीन लोगों के लिए जो पीली पट्टी बनी हुई वहां तक रेहड़ी लगा रखी हैं। सेक्टर-12 चौक से लेकर नूर महल चौक तक करीब 40 रेहड़ी व फड़ी लगी हुई हैं। सेक्टर-7 की मार्केट में करीब 30 रेहड़ी व फड़ लगी हुई हैं। शाम के समय सेक्टर-7 की मार्केट में लोग पार्किंग होने के बाद भी बीच रास्ते में अपने वाहन खड़े कर देते हैं।
हांसी चौक से लेकर चुंगी चौक तक सड़क के किनारे पर लोगों ने अपनी रेहड़ी लगा रखी है। शाम के समय इस रास्ते पर बड़े वाहन चलते है और लोग भी अपने वाहन रास्ते के बीच में लगा के चले जाते हैं। सेक्टर-9 से लेकर पंजाबी भवन तक भी फुटपाथ पर लोगों ने रेहड़ी के साथ छोटे-छोटे ढाबे खोल रखे हैं।
निगम की टीम कार्रवाई करेगी
नगर निगम के मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेंद्र चोपड़ा ने बताया कि लोगों व वार्ड पार्षद की ओर से सेक्टर-7 और सेक्टर-8 में अतिक्रमण की लिखित में शिकायत की जा चुकी है। शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए निगम की टीम लगातार काम कर रही है। नोटिस जारी किए जाएंगे। निगम की टीम मौके पर पहुंच कर कार्रवाई करेगी।
51....सेक्टर आठ की ओर जाते हुए फुटपाथ पर लगी रेहड़ी। संवाद