संवाद न्यूज एजेंसी
असंध। असंध को जिला बनाने की मांग वर्षो पुरानी है। वर्ष 2018 में भी तहसील के बाहर जिला बनाओ संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने कई दिन धरना दिया था, बाइक रैली में निकाली गई थी। जेसीआई ने भी हस्ताक्षर अभियान चलाया गया था।विभिन्न राजनीतिक दलों ने भी मांग उठाई थी, लेकिन अभी तक मांग सिरे नहीं चढ़ी। अब तो मौजूदा विधायक भी इस मांग को लेकर संजीदा है लेकिन घोषणा फिर भी नहीं हो रही है।
- हरियाणा किसान कांग्रेस के पूर्व प्रदेशाध्यक्ष शेर प्रताप शेरी का कहना है कि असंध हलका विकास के मामले अन्य क्षेत्रों से पिछड़ा हुआ है। यदि असंध जिला बनता है तो क्षेत्र का विकास होगा और युवाओं को रोजगार मिलेगा। मुख्यमंत्री को असंध को जिला घोषित करना चाहिए।
- पूर्व विधायक शमशेर गोगी ने कहा कि लंबे समय से असंध को जिला बनाने की मांग उठाई जा रही है। असंध उपमंडल सभी जिलों का केंद्र बिंदु है। असंध के जिला बनने से सभी वर्गों को इसका लाभ होगा। यदि भाजपा सरकार असंध को जिला घोषित नहीं करती तो कांग्रेस की सरकार आने पर असंध को जिला बनाया जाएगा।
हरियाणा सिख गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के प्रधान जगदीश झिंडा ने कहा कि असंध को जिला बनाने की मांग जायज है। सामाजिक व धार्मिक संस्थाएं भी असंध को जिला बनाने का समर्थन कर रही हैं। सरकार असंध को जिला घोषित करे ताकि जनता की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सके।
पूर्व विधायक सरदार बख्शीश सिंह विर्क ने कहा कि हमने तो पहले भी असंध को जिला बनाने की मांग उठाई थी। असंध को जिला बनाने की मांग क्षेत्र के लोगों की बहुत पुरानी मांग है और अब लोगों को सरकार से उम्मीदें भी बहुत है, सरकार को जनता की इस मांग को पूरा करना चाहिए।