करनाल।
शहर के पार्कों में करोड़ों रुपये खर्च करके लगाए गए संगीतमय फव्वारे (म्यूजिकल फाउंटेन) धीरे-धीरे कबाड़ में तब्दील होते जा रहे हैं। फव्वारे गंदगी से भरे पड़े हैं। मीरा घाटी पार्क, कर्ण पार्क और कर्णताल पार्क में करोड़ों की लागत से हाईटेक फव्वारे लगाए गए थे। रखरखाव के अभाव में बंद हो गए। निगम अब नए फव्वारे लगाने जा रहा है।
मीरा घाटी पार्क में पुराने फव्वारे को हटाकर नया म्यूजिकल फाउंटेन लगाने के लिए निविदा मांगी गई है। करीब सवा करोड़ रुपये का बजट है। करीब 37 लाख रुपये से यहां पर सिविल का काम भी होगा। यानी करीब डेढ़ करोड़ रुपये सौंदर्यीकरण पर खर्च होंगे। निगम ने एजेंसी को ही फव्वारे के तीन साल तक रखरखाव (मेंटेनेंस) की जिम्मेदारी देने का फैसला किया है। अन्य जगहों पर भी निगम संगीतमय फव्वारे लगवाने की योजना बना रहा है।
विज्ञापन
लगातार रखरखाव की जरूरत
मीरा घाटी पार्क से लेकर कर्ण पार्क और कर्णताल पार्क में लगे म्यूजिकल फाउंटेन लंबे समय से बंद पड़े हैं। अब साफ सफाई तक नहीं होती। विशेषज्ञों का कहना है कि इन हाईटेक फव्वारों को लगातार रखरखाव की जरूरत होती है। रखरखाव न होने से करोड़ों रुपये बर्बाद हो गए। निगम अधिकारियों का कहना है कि इस बार नया फव्वारा अत्याधुनिक होगा। एजेंसी पर रखरखाव की जिम्मेदारी होगी।
नगर निगम आयुक्त डॉ. वैशाली शर्मा का कहना है कि कर्ण पार्क और कर्णताल पार्क के फव्वारे खराब नहीं हैं। ये सही हैं। बारिश का पानी भरने की वजह से ये बंद हो गए थे। अब इनकी सफाई कराई जा रही है। तीन से चार दिन में इनको चालू कर दिया जाएगा।