अमेरिका के कैलिफोर्निया में उपलाना गांव के डेरा साइयां निवासी मनिंदर की गोली मारकर हत्या करने के मामले में दूसरे दिन भी परिजन सरकार की मदद का इंतजार करते रहे। परिजनों की आर्थिक स्थिति ठीक ना होने के कारण वह मनिंदर का शव अपने देश नहीं ला सकते। ऐसे में परिजनों और ग्रामीणों ने सरकार से मदद की गुहार लगाई है।
घटनाक्रम के अनुसार मनिंदर 10 जून 2019 को अमेरिका गया था। कुछ ही दिन पहले एक स्टोर पर उसकी नौकरी लगी थी। मनिंदर के जीजा कुलदीप सिंह ने बताया कि जिस दिन मनिंदर की हत्या हुई, उस समय मनिंदर अपने साथी की जगह ड्यूटी पर था, क्योंकि साथी को बुखार था। उन्होंने बताया कि गोली मारने वाले संदिग्ध लुटेरे ने पहले उसके स्टोर में लूट की और उसके बाद जाते समय मनिंदर को गोली मारकर भाग गया, जिससे मनिंदर की मौके पर ही मौत हो गई थी। मंनिदर गांव में फोटोग्राफर था और दसवीं कक्षा पास था।
पति के अंतिम दर्शन को पत्नी ने सरकार से लगाई गुहार
मनिंदर की पत्नी अमनदीप और बच्चों ने रोते रोते कहा कि वह तो अंतिम बार मनिंदर के दर्शन भी नहीं कर सकते। उनके पास इतने पैसे नहीं हैं। मनिंदर की पत्नी ने सरकार से गुहार लगाई है कि अगर सरकार उनकी मदद करे तो वे मनिंदर के अंतिम दर्शन कर सकते हैं। गौरतलब है कि मनिंदर लगभग 9 महीने पहले ही अमेरिका गया था, जहां लगभग 6 महीने जेल में रहने के बाद मनिंदर की एक स्टोर में नौकरी लगी थी। 22 तारीख को उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।