नारायणगढ़। श्री सनातन धर्म महावीर दल की ओर से आयोजित की जा रही श्री रामलीला के नौवें दिन लक्ष्मण मुर्छा का मंचन किया गया। कार्यक्रम की शुरूआत मुख्यातिथि नगरपालिका के पूर्व चेयरमैन अमित वालिया ने माता दुर्गा-सरस्वती की आरती उतारकर की। श्री राम नाट्य क्लब के कलाकारों ने मंचन में मेघनाथ-लक्ष्मण के बीच भयंकर लड़ाई दर्शायी। मेघनाथ ने ब्रह्म अस्त्र तीर से लक्ष्मण को मूर्छित कर दिया। यहां लक्ष्मण के मूर्छित होने से श्रीराम वियोग में पड़ गए। यह प्रसंग देखकर मैदान में बैठे श्रद्धालुओं की आंखों में आंसू आ गए। हनुमान जी द्वारा संजीवनी का पहाड़ लाने का मंचन किया गया। संस्था के सदस्यों ने मुख्यातिथि को सम्मानित किया। इस अवसर पर उपप्रधान विनोद वर्मा, रामेश्वर शर्मा, आदर्श गुप्ता, विजय कंसल, कुलबीर कपूर, महासचिव राजेश वर्मा, नरेश खेरपा, सतीश अग्रवाल आदि मौजूद रहे।