माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। वर्ष 1984 में हुए दंगों में सिख परिवारों को भारी नुकसान पहुंचा। 41 साल के बाद हरियाणा सरकार ने पीड़ित परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की घोषणा की है। इस फैसले पर करनाल के सिख समुदाय ने संतोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि दिल्ली में भी सरकार की ओर से पीड़ित परिवारों को राहत दी जानी चाहिए। करनाल में 28 सितंबर को सिख सम्मेलन आयोजित करके मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करने का निर्णय भी लिया गया है।
वरिष्ठ भाजपा नेता सरदार त्रिलोचन सिंह ने कहा है कि 1984 के दंगों में बड़े स्तर पर जन व संपत्ति की हानि हुई थी। नायब सिंह सैनी की सरकार ने लगभग 121 परिवारों के एक-एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने का एलान किया है, जो वास्तव में सराहनीय है। इससे उन परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। 28 सितंबर को करनाल में बड़ा सिख सम्मेलन का आयोजित करके मुख्यमंत्री का विशेष रूप से आभार प्रकट किया जाएगा। इसमें बतौर मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री एवं सांसद मनोहर लाल मौजूद रहेंगे।