अब निगम जिले की अन्य गोशालाओं में भेजेगा पशु, 625 गोवंश भेजने पर बनी सहमति
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। नगर निगम कार्यालय में उप निगम आयुक्त अभय सिंह ने वीरवार को गोसेवा आयोग के सदस्य कुलबीर खरब व जिले की विभिन्न गोशाला संचालकों के साथ बैठक की। बेसहारा पशुओं को पकड़ने के अभियान में अभी तक 185 पशु पकड़े गए हैं लेकिन निगम की फूसगढ़ गोशाला फुल हो गई है, फिर भी सड़कों पर बेसहारा पशु दिखाई दे रहे हैं। जिससे यहां से 625 पशुओं को अन्य गोशालाओं में भेजने पर सहमति बनी है। आज ही 50 पशुओं को गगसीना गोशाला को भेजा गया है।
जिसमें बेसहारा पशुओं की समस्या के निवारण पर विचारविमर्श किया गया। , विभिन्न गौशालाओं के संचालक गौपाल स्वामी, करनाल जिला की गौशालाओं के प्रधान एवं प्रतिनिधि, पशुपालन विभाग के उप मंडल अधिकारी रूपेन्द्र, मुख्य सफाई निरीक्षक सुरेन्द्र चोपड़ा तथा सहायक सफाई निरीक्षक प्रवेश कुमार मौजूद रहे।
उप निगमायुक्त ने कहा कि हरियाणा सरकार के निर्देश पर एक अगस्त बेसहारा गोवंश को पकडऩे का अभियान चलाया जा रहा है, जो 31 अगस्त तक चलेगा। नगर निगम क्षेत्र से अब तक करीब 185 गोवंश को पकडक़र फूसगढ़ स्थित गोशाला व नंदीशाला में पहुंचाया गया है लेकिन अब यहां क्षमता से अधिक पशु हो चुके हैं, परंतु सड़कों पर अभी भी बेसहारा गोवंश घूम रहे हैं। गोशालाओं के प्रधान व प्रतिनिधियों को बताया कि बुधवार को गगसीना गोशाला में 27 गोवंश को स्थानांतरित किया गया है। गोपाल स्वामी व अन्य प्रधानों ने भी सहमति जताई कि उपलाना व गोंदर गोशाला में 200-200 गोवंश, अमूपुर गोशाला में 100, जुंडला व चोचड़ा गोशाला में 50-50 तथा पाडा गोशाला में 25 गोवंश को भेजा जा सकता है। उपनिगमायुक्त ने अपील की कि जिला की अन्य गोशालाएं भी इस सेवा कार्य में सहयोग के लिए आगे आएं, ताकि कोई भी गोवंश बेसहारा न रह सके। उन्होंने सख्त चेतावनी देते कहा कि जो लोग उपयोग के बाद या दूध निकालने के बाद अपने पशुओं को सडक़ों पर बेसहारा छोड़ देते हैं, ऐसे लोगों से नगर निगम सख्ती से निपटेगा।