करनाल। घरौंडा के पास टाटा ट्रक से 519 किलो 900 ग्राम गांजा बरामद होने के मामले में पुलिस तस्करी के नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है। काजू के छिलकों की बोरियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही इस खेप की अनुमानित कीमत 1.35 करोड़ रुपये बताई गई थी। करीब 520 किलो गांजे की यह खेप ओडिशा सीमा से आई थी।
पुलिस ने मामले में नूंह जिले के गांव फिरोजपुर नमक निवासी बिलाल और यहूदा को गिरफ्तार किया था। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि बिलाल ट्रक का मालिक और चालक था जबकि यहूदा क्लीनर के तौर पर उसके साथ था।
पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने बताया कि पुलिस ने 27 अक्तूबर की रात घरौंडा के पास नेशनल हाईवे की सर्विस रोड पर राजस्थान नंबर के टाटा ट्रक को रोककर तलाशी में 19 कट्टों से 519 किलो 900 ग्राम गांजा फूलपत्ती बरामद हुई थी। मामले में थाना घरौंडा में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी।