- चार लाख 77 हजार रुपये से बदली जाएंगी टाइलें, नए दरवाजे लगेंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण स्टेडियम के शौचालयों की बदहाल स्थिति से खिलाड़ियों को निजात मिलेगी। साल भर के इंतजार के बाद यहां के शौचालयों की दशा सुधारने का काम शुरू हो गया है। मरम्मत के कार्य में चार लाख 77 हजार रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
लंबे समय से ये शौचालय बदहाल थे। विभाग की ओर से कई बार बजट की मांग की गई, लेकिन फंड के अभाव में कार्य शुरू नहीं हो पाया। मरम्मत कार्य में दीवारों व फर्श की टाइलें भी बदली जाएंगी। वहीं शौचालय की सीट, टोटी, पानी की टंकी, शौचालयों के टूटे दरवाजों को भी बदला जाएगा। कर्ण स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए बने शौचालय की सीवरेज पूरी तरह चोक थी, इससे गंदा पानी बहता रहता था। जिला खेल विभाग ने एक बार फिर शौचालयों की दशा सुधारने के लिए मांग भेजी थी।
कर्ण स्टेडियम में दिनभर बाहरी लोगों की आवाजाही रहती है। वह दिनभर ट्रैक पर चक्कर लगाते हैं, वॉलीबॉल कोर्ट में मैच खेलते हैं। यहां पर स्कूल, काॅलेज व शहर में बिना कारण घूमने आए युवाओं का जमावड़ा लगा रहता है।
जब से शौचालयों की रिपेयर का काम शुरू हुआ है लोगों व खिलाड़ियों को परेशानी हो रही है। खिलाड़ी तो अपने विभाग के अन्य शौचालयों का इस्तेमाल कर लेते हैं, लेकिन जो बाहरी युवा या बुजुर्ग दोपहर के समय यहां आते हैं, वह स्टेडियम की दीवारों पर लघु शंका कर देते हैं।
कर्ण स्टेडियम में शौचालयों की मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। जल्द खिलाड़ियों को इसकी सुविधा मिलेगी। इसके लिए कई बार डिमांड भेजी गई, लेकिन फंड के अभाव में पहले कार्य शुरू नहीं हो पाया था। फरवरी माह के अंत तक कार्य पूरा होने की संभावना है।
- सुधा भसीन, जिला खेल अधिकारी