संवाद न्यूज एजेंसी
तरावड़ी। तरावड़ी को निसिंग से जोड़ने वाली मुख्य सड़क की बदहाल स्थिति के चलते आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह सड़क न केवल दो कस्बों को जोड़ती है बल्कि इसके जरिये कई गांवों के लोग यहां से रोजाना आवागमन करते हैं। बावजूद इसके वर्षों से इसकी मरम्मत नहीं हुई है और जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे दुर्घटनाओं को दावत दे रहे हैं।
लोगों का कहना है कि बरसात के दिनों में सड़क पर पानी भर जाता है और गड्ढे दिखाई नहीं देते, जिससे कई बार हादसे हो चुके हैं। इसके बाद भी प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
छात्रा सिम्मी कुमारी, मेघा, दीपिका ने बताया कि कॉलेज जाने के लिए इसी सड़क का सहारा है लेकिन गड्ढों और धूल के कारण बसें भी कम ही चलती हैं। हरियाणा गुरुद्वारा मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य प्रतिनिधि सरदार भूपिंद्र सिंह लाडी ने कहा कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार ज्ञापन दिए जा चुके हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन से कहा कि अगर 15 दिनों में सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो कारसेवा की ओर से सड़क की मरम्मत करवाई जाएगी।