- निर्मल कुटिया ग्रीन बेल्ट के पास वारदात
संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। निर्मल कुटिया ग्रीन बेल्ट के पास शनिवार रात क्रेटा सवार पांच लोगों ने दूसरी कार को जबरन रुकवा उसमें सवार सैनी काॅलोनी निवासी यश से मारपीट कर दी। आरोप है कि उसकी साढ़े तीन तोले की सोने की चेन भी छीन ली। पीड़ित ने इसकी शिकायत सेक्टर-13 पुलिस चौकी में की है। थाना सिविल लाइन पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।
सैनी काॅलोनी निवासी यश ने सेक्टर-13 चौकी में दी शिकायत में बताया कि वह कार में सवार होकर अपनी माता को सेक्टर 16 में रिश्तेदारी में छोड़कर घर लौट रहा था। रात को करीब साढ़े नौ बजे जब निर्मल कुटिया चौक की ग्रीन बेल्ट के पास पहुंचा तो पीछे से आई क्रेटा गाड़ी चालक ने उसकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया। इसके बाद गाड़ी से पांच लोग उतरे और उसे नीचे उतरने के लिए कहा गया। जब उसने विरोध किया तो एक आरोपी ने उसे ईंट व दूसरे ने डंडा दिखाया। वह डर के कारण गाड़ी से बाहर आ गया।
इसके बाद एक आरोपी ने उसके गले में हाथ मारकर साढ़े तीन तोले की सोने की चेन छीन ली। आरोपियों ने उससे मारपीट भी की। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग वहां पहुंच गए तभी आरोपी भाग गए। उसने डायल 112 को सूचना दी, इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। थाना सिविल लाइन प्रभारी श्रीभगवान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।