त्योहारों को लेकर प्रशासन अलर्ट हो गया है और पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। शहर के मुख्य बाजार, चौराहों व सार्वजनिक स्थानों पर पुलिस तैनात है। रेलवे स्टेशन पर भी सुरक्षा पुख्ता रखने के लिए जीआरपी टीम ने यात्रियों को जहरखुरानी के प्रति जागरूक किया और उनको फिल्म दिखाई, ताकि यात्री किसी के बहकावे में आकर लूट का शिकार न हो जाए।
शहर के बाजार में भीड़ बढ़ गई है। बाजार में महिलाओं को कोई तंग न कर सके, इसके लिए सिविल ड्रेस में भी पुलिस निगरानी रख रही है। शहर के कर्ण गेट मार्केट, सर्राफा बाजार, कमेटी चौक के एरिया में पुलिस के कर्मचारी पैदल गश्त कर रहे हैं, ताकि संदिग्ध लोगों को समय रहते पकड़ा जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक प्रबंध हैं। दीपावली तक सुरक्षा कड़ी रहेगी।
दूसरी तरफ रेलवे एसपी राकेश कुमार आर्य ने प्रदेशभर के जीआरपी थानों में पत्र जारी करके प्लेटफार्म पर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। करनाल जीआरपी के प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि बुधवार को यात्रियों को सुरक्षा के प्रति जागरूक किया और उन्हें जहरखुरानी से संबंधित फिल्म दिखाकर चौकस रहने की अपील की। ट्रेनों व प्लेटफार्म पर यात्रियों के सामानों की चेकिंग की।