माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। दुष्कर्म के एक मामले में जमानत पर आते ही आरोपी द्वारा शिकायतकर्ता युवती पर राजीनामा करने के लिए दबाव बनाने का मामला सामने आया है। युवती के राजीनामा करने से इंकार करने पर आरोपी ने उस पर तेजाब डालने व बंदूक तानकर जान से मारने की भी धमकी दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। युवती ने भी पुलिस से सुरक्षा की गुहार लगाई है, आरोपी धमकी देने के बाद से फरार है।
पुलिस को दी शिकायत में एक युवती ने बताया कि उन्होंने दुष्कर्म का एक मामला आरोपी केतन के खिलाफ दर्ज कराया था। वह एक साल से जेल में बंद था और अब जमानत पर है। आरोपी उसके घर पहुंचा तो उसे राजीनामा करने के लिए दबाव देने लगा। इंकार करने पर आरोपी ने उसे तेजाब डालने की धमकी दी और बंदूक भी तान दी। जिससे वह दहशत में आ गई।