संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। पानीपत के थाने में तैनात ऋषिपाल हत्याकांड के आरोपियों के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेने के बाद कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज भी जुटाई है। जिसमें आरोपी दीपक कार में अपने नौकर के साथ एएसआई संग जाता दिखाई दे रहा है। उधर, पुलिस ने आरोपी के फोन को भी कब्जे में लिया है। कॉल डिटेल से यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपी दीपक के किन-किन गैंगस्टर और पुलिस कर्मी से संपर्क हैं। इस मामले में भी पुलिस जांच में जुटी है। कॉल डिटेल आने के बाद ही मामले का जल्द खुलासा किया जाएगा।
एएसआई की हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी घरौंडा के उपली निवासी दीपक उर्फ नीटू जो कि तहसील कैंप पानीपत में परिवार के साथ रहता है व पानीपत के बरसत रोड निवासी राजन उर्फ पव्वा को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया है कि कुछ साल पहले एएसआई ऋषिपाल की तैनाती सीआईए पानीपत में थी। इसी दौरान आरोपी दीपक के दोस्त को एएसआई ऋषिपाल ने हिरासत में लिया था। जिसको लेकर आरोपी दीपक एएसआई के प्रति रंजिश रखने लगा था।
इस रंजिश का आभास एएसआई और उसके परिवार को भी हो चुका था। आरोपी दीपक ने धीरे-धीरे अपनी रंजिश निकालने के लिए एएसआई ऋषिपाल से दोस्ती बढ़ा ली। गहरी दोस्ती होने के बाद आरोपी और एएसआई का एक साथ उठना-बैठना शुरू हो गया। एक साथ बैठकर दोनों पार्टी करते थे। एएसआई ड्यूटी खत्म करने के बाद और ड्यूटी के समय भी आरोपी दीपक से मिलता-जुलता था। नौ सितंबर को पहले की तरह ड्यूटी के बाद शाम को दीपक घूमने के लिए एएसआई ऋषिपाल को थाना सेक्टर-13-17 से अपनी कार में ले गया था। एएसआई के पास घर से फोन आया तो उसने पत्नी को बता दिया था कि वह दीपक के साथ है। उसके बाद एएसआई ने फोन बंद कर दिया।
आरोपी और एएसआई ने नीलकंठ होटल में खाना खाने की योजना बनाई थी। नीलकंठ होटल में जाने से पहले दीपक के ससुर दुर्जन सिंह को लेकर आरोपी और एएसआई के बीच विवाद हुआ। इसी दौरान गुस्से में आए आरोपी दीपक ने एएसआई को ठिकाने लगाने की योजना बनाई। योजना के मुताबिक आरोपी ने गाड़ी को टोल टैक्स से पहले ही रसिन की तरफ घुमा लिया। रसिन और बिजना के बीच उतरकर एएसआई को अपनी लाइसेंसी बंदूक से सात गोलियां मारकर उसकी हत्या कर दी और शव को आवर्धन नहर में फेंक दिया। जिसके बाद एएसआई का शव बहते हुए बुडनपुर आवर्धन नहर में लोगों ने देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को बरामद कर शिनाख्त कराई थी।