तरावड़ी (करनाल)। अपने जन्मदिन पर कार की टक्कर से घायल हुए तरावड़ी के गांव सग्गा निवासी 13 वर्षीय सूर्य प्रताप की मौत हो गई। वह सात महीने कोमा में रहने के बाद बुधवार को जिंदगी की जंग हार गया। जन्मदिन के दिन वह अपने पिता के साथ पूजा करने के लिए बाइक से खेत में जा रहा था, जहां टक्कर मारने के बाद कार चालक किशोर को कुचलता हुआ निकल गया। इकलौते बेटे की मौत से माता-पिता और दो बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के ताऊ मोर सिंह ने बताया कि 14 मई को उसके भतीजे सूर्य प्रताप राणा का जन्मदिन था। इसको लेकर उसका भाई पुनीत सूर्य प्रताप को बाइक पर लेकर पितरों की पूजा करने खेत में जा रहा था। जब वे जवाहर नवोदय स्कूल के पास पहुंचे तो कार चालक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे दोनों सड़क पर गिर गए और चालक सूर्य प्रताप को कार से कुचलता हुआ फरार हो गया। पिता ने उसे गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान सूर्य की एक टांग आधी काटनी पड़ी। सिर की हड्डी भी टूटी मिली। कई ऑपरेशन करने पड़े, लेकिन तब से वह कोमा में था। इन सात महीने में इलाज के दौरान पिता ने बेटे को बचाने के लिए काफी पैसा खर्च किया लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी।
दो बहनों का था एकलौता भाई
मृतक के ताऊ मोर सिंह राणा ने बताया कि सूर्य प्रताप अपने परिवार का इकलौता बेटा था। दो बड़ी बहनें हैं। हादसे के बाद से ही परिजन रोजाना बेटे की सलामती की प्रार्थना कर रहे थे। इलाज पर लगभग 10 से 12 लाख रुपये खर्च किए। हादसे के दौरान कार का नंबर नोट किया गया था। पिता की शिकायत पर तरावड़ी थाना पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज किया था और कार के नंबर के माध्यम से उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। किशोर के ताऊ मोर सिंह ने बताया कि फिलहाल कार चालक जमानत पर है। तरावड़ी थाना पुलिस ने बताया कि किशोर की मौत के बाद केस में धारा बढ़ाई जाएंगी और चालक को गिरफ्तार किया जाएगा।