संवाद न्यूज एजेंसी
घरौंडा। वार्ड-सात की बाला जी कॉलोनी से एक 10 वर्षीय बालक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। परिजनों ने मामले की शिकायत पुलिस में दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर बालक की तलाश आरंभ कर दी है।
बालाजी कॉलोनी निवासी गोविंद ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि जन्माष्टमी के दिन उसका 10 वर्षीय पुत्र आशीष देर शाम को जन्माष्टमी की झांकियां देखने के लिए जिद कर रहा था। जिस पर उसकी मां ने उसे डांट दिया। मां की डांट से नाराज होकर आशीष घर से निकल गया और देर रात तक घर वापस नहीं पहुंचा।
आधी रात तक घर में पहुंचने पर आशीष के परिजनों ने उसकी आसपास व शहर के मंदिरों में छानबीन की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। शुक्रवार की सुबह आशीष के परिजनों ने पूरे मामले की सूचना स्थानीय पुलिस को दी है। सूचना मिलते ही पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर ली है। करीब 24 घंटे बीत जाने के बाद भी आशीष का अभी तक किसी प्रकार का कोई सुराग नहीं लग पाया है।
वार्ड सात की बालाजी कॉलोनी से एक 10 वर्षीय छात्र के लापता होने की शिकायत मिली है। शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। - नसीब सिंह, थाना प्रभारी, घरौंडा।