पानीपत। थाना तहसील कैंप क्षेत्र में दो युवकों ने किशोरी को नशीला पदार्थ खिलाकर बंधक बना लिया और उसके साथ तीन दिन तक सामूहिक दुष्कर्म किया। किसी तरह युवकों के चंगुल से भागकर किशोरी अपने घर पहुंची और परिवार वालों को पूरी जानकारी दी। परिजनों ने थाने में युवकों के खिलाफ शिकायत दी। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पीड़िता की मां ने थाने में शिकायत देकर आरोप लगाया है कि उनके पड़ोस में रहने वाले दो युवक विक्की और गोपी उनकी 16 साल की बेटी को बहलाकर अपने साथ ले गए। उसे तीन दिनों तक बंधक बनाकर रखा और उसे नशीला पदार्थ गांजा, स्मैक पिलाया। युवकों ने उसके साथ गलत काम किया और उसकी वीडियो बना ली। इसके बाद वीडियो वायरल करने की धमकी देकर उसे जबरन बुलाने लगे। एक युवक ने उसका मोबाइल फोन भी छीन लिया। जब युवक उसे लगातार परेशान करने लगे तो उसने घर पर पूरी बात बताई।
थाना तहसील कैंप पुलिस ने दोनों आरोपियों विक्की और गोपी के खिलाफ बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और जबरन नशा देने व मारपीट करने के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली। किशोरी की बाल कल्याण समिति के सामने काउंसिलिंग कराई। काउंसिलिंग में भी किशोरी ने पूरे प्रकरण की जानकारी दी।
वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कर रहे थे प्रताड़ित
काउंसिलिंग के दौरान किशोरी ने बताया कि आरोपी युवक ने उसकी अश्लील वीडियो बना ली थी। इसके बाद वह उसे प्रताड़ित कर रहे थे। कई बार वीडियो वायरल करने की धमकी देते थे, जिस कारण वह काफी डर गई और उनकी बात मानती रही।
दोनों युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पीड़िता का मेडिकल कराकर बयान दर्ज कर लिया गया है। पीड़िता की काउंसिलिंग भी कराई गई है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - बलजीत सिंह, प्रभारी थाना तहसील कैंप