गांव कुंजपुरा के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 11वीं कक्षा की एक छात्रा से छेड़छाड़ के विरोध में आरोपी प्राध्यापक की ग्रामीणों ने जमकर धुनाई की। पिटाई का विरोध कर रही एक महिला टीचर को भी ग्रामीणों के गुस्से का शिकार होना पड़ा।
इस मामले के बावजूद भी पुलिस ने उल्टा छात्रा के पिता को हिरासत में लिया है। छात्रा के परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्होंने भी लिखित शिकायत पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस मामले को दबाने का प्रयास कर रही है। उधर, पुलिस के अनुसार पूरे मामले की जांच की जा रही है।
इस घटना से गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। गांव के ही स्कूल में पढ़ने वाली छात्रा ने अपनी मां को बताया था कि वह स्कूल नहीं जाएगी। मां ने स्कूल नहीं जाने का कारण पूछा तो छात्रा ने बताया कि स्कूल में राजनीतिक विज्ञान का प्राध्यापक महेंद्रपाल उसके साथ छेड़छाड़ करता है।
इसके बाद छात्रा के माता-पिता और गांव के सरपंच सहित कई ग्रामीण स्कूल पहुंच गए और प्रिंसिपल के सामने शिकायत लगाई। प्रिंसिपल को छात्रा ने बताया कि प्राध्यापक महेंद्रपाल उसके साथ कई दिनों से छेड़छाड़ कर रहा है। उसने कई बार इसका विरोध भी किया परंतु वह नहीं माना। इसके पश्चात इसकी शिकायत परिजनों से की।
छात्रा की बात सुनकर वहां पर मौजूद छात्रा का पिता और ग्रामीण आगबबूला हो गए और आरोपी प्राध्यापक की धुनाई कर दी। इतना ही नहीं, बीचबचाव कर रही एक महिला टीचर को भी महिलाओं ने पीटा। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने प्राध्यापक की शिकायत पर स्कूल में घुसकर मारपीट करने के आरोप में छात्रा के पिता को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई।
थाना प्रभारी वजीरचंद ने बताया कि छात्रा और उसके परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं मिली है। एक महिला टीचर ने मारपीट की शिकायत दर्ज कराई है। इस मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
एसएचओ पर मामला दबाने का आरोप
पीड़ित छात्रा के परिजनों ने थाना प्रभारी वजीरचंद पर मामला दबाने और कार्रवाई नहीं करने का आरोप लगाया है। परिजनों ने बताया कि घटना के बाद उन्होंने लिखित शिकायत पुलिस को दी थी।
कार्रवाई अध्यापक पर करने के बजाय पुलिस ने उल्टा उनके ही व्यक्ति को उठा लिया और मामला दबाने का प्रयास किया। उधर, थाना प्रभारी ने आरोपों को नकारते हुए शिकायत मिलने से इंकार किया है।
कड़ी कार्रवाई की जाएगी : डीईओ
करनाल की डीईओ आशा मुंजाल ने बताया कि मामला संज्ञान में आने के बाद उन्होंने डिप्टी डीईओ निर्मल को मौके पर जांच के लिए स्कूल भेजा था। उन्होंने जांच की है और उन्हें इसकी रिपोर्ट शनिवार को मिल जाएगी।
जांच में टीचर दोषी पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी।