राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्लस्टर बीबीपुर जाटान में जागरुक रैली निकालते विद्यार्थी।
करनाल। निरक्षरों को साक्षर बनाने के लिए अब शिक्षक और विद्यार्थी मिलकर काम करेंगे। प्रत्येक निरक्षर का उल्लास मोबाइल एप पर पंजीकरण किया जाएगा। बाद में उन्हें प्रशिक्षित करके साक्षर बनाया जाएगा। इसके लिए सरकार की ओर से नवभारत साक्षरता अभियान चलाया गया है। इसके तहत शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय क्लस्टर बीबीपुर जाटान में खंड स्तरीय जागरूकता कार्यक्रम हुआ।
प्राचार्या मीनाक्षी चौधरी के नेतृत्व में कमालपुर रोडान एवं बीबीपुर जाटान में हुए कार्यक्रम में बच्चों को सरकार की योजना की जानकारी दी गई। मीनाक्षी चौधरी ने कहा कि यह कार्यक्रम केंद्र सरकार द्वारा चलाया गया कार्यक्रम है, जिसमें प्रत्येक जन को हमें साक्षर बनाना है। इस कार्य के लिए सभी अध्यापक एवं विद्यार्थी एक साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने कहा कि गांव के प्रत्येक अनपढ़ लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का काम करें। शिक्षा विभाग की ओर से उल्लास कार्यक्रम के तहत शिक्षकों ने अपने मोबाइल की उल्लास एप पर 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर व्यक्तियों का सर्वे करके उनका पंजीकरण करना है। हर व्यक्ति को शिक्षित करना है।
कमालपर के विद्यालय प्रभारी दलीप सिंह ने बताया कि योजना के तहत उन लोगों की पहचान करनी है जिनको अक्षर ज्ञान नहीं है। अपना नाम तक नहीं लिख पाते हैं। ऐसे लोगों के लिए 15 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए एक कार्यक्रम बनाया है। उनको पढ़ना व लिखना सिखाया जाएगा ताकि वह अपने जीवन में किसी काम को आसानी से कर सकें।
खंड शिक्षा अधिकारी धर्मपाल चौधरी अधिकारी इस कार्य की निगरानी कर रहे हैं। इस अवसर पर राजेश कुमार, छतरपाल, अमित, रजनी, मंजू, अशोक कुमार, सुमन, अंजू, पूजा, प्रदीप, पूनम और रामकुमार मौजूद रहे।