करनाल। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर बुटाना गांव के नजदीक वीरवार को तीन आरोपियों ने उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के घाटमपुर गांव निवासी चालक सौरभ शर्मा को पीटा और टैक्सी, दो मोबाइल व 500 रुपये नकदी लूटकर भाग गए। बुटाना थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर लूट की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले के गांव घाटमपुर निवासी सौरभ शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह नोएडा में टैक्सी चलाने का काम करते हैं। वीरवार को तीन युवकों ने गुरुग्राम से चंडीगढ़ जाने के लिए उनकी टैक्सी नौ हजार रुपये में बुक की थी। बुटाना गांव के नजदीक गाड़ी में सवार तीनों युवकों ने टैक्सी रुकवाई और उनकी पिटाई शुरू कर दी। तीनों ने उन्हें चाकू दिखाकर जान से मारने की धमकी दी। उनसे दो मोबाइल फोन और 500 रुपये नकदी छीन ली। उन्हें गाड़ी से नीचे सड़क पर उतार दिया और गाड़ी लेकर भाग गए।
बुटाना थाना प्रभारी राजपाल सिंह ने बताया कि पुलिस ने लूट की प्राथमिकी दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की सहायता से आरोपियों तक पहुंचने के लिए प्रयासरत है।