करनाल। कर्ण स्टेडियम में बना स्विमिंग पूल पिछले एक साल से जर्जर हालत में बंद पड़ हुआ है। यहां गर्मी का मौसम आते ही खिलाड़ी अभ्यास करने के लिए काफी संख्या में आते हैं। साथ ही यहां कई प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाता है लेकिन बजट न होने के कारण स्विमिंग पूल का मरम्मत कार्य रुका हुआ है।
पहले मरम्मत कार्य के लिए 39 लाख रुपये का बजट बनाया गया था लेकिन जैसे ही कार्य शुरू हुआ तो पता चला की इसमें और भी काम होना है इसलिए कार्य को रोकना पड़ा। अब खेल विभाग की ओर से दोबारा बजट बनाया जा रहा है। खिलाड़ियों को अभी अभ्यास के लिए सेक्टर-32 में बने निजी पूल में करीब ढाई से तीन हजार रुपये प्रति माह फीस देनी पड़ रही है।
जिला खेल अधिकारी सत्यवीर सिंह ने बताया कि पूल की पाइपलाइन टूट गई है जिस कारण उसे बंद रखा गया है। विभाग की ओर से दोबारा बजट बनाया जा रहा है, ताकि जल्द मरम्मत कार्य शुरू किया जा सके।