गांव पधाना के सरपंच साहब सिंह को जमीन पर अवैध कब्जे और फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चुनाव लड़ने के आरोप साबित होने पर डीसी ने निलंबित कर दिया है। शिकायतकर्ता रविंद्र सिंह ने डीसी करनाल को शिकायत में आरोप लगाया था कि गांव पधाना के सरपंच साहब सिंह द्वारा गांव में जमीन पर अवैध कब्जा करके मकान बनाया गया है। इसी के साथ सरपंच ने फर्जी दस्तावेज तैयार करके चुनाव लड़ा है। जोकि यूपी से बनाए गए हैं। इस पर सुनवाई करते हुए अधिकारियों ने जमीन के कागजात व शिक्षा के कागजात लेकर सरपंच को पेश होकर कारण बताओ नोटिस भेजा था।
इस बारे में सुनवाई में सरपंच साहब सिंह द्वारा विभाग के अधिकारियों के समक्ष कोई ठोस सबूत नहीं पेश किया गया। इसके बाद तहसीलदार असंध, कानूगो, पटवारी को कब्जा की गई जमीन बारे तस्दीक करने के आदेश मिले। इसमें सरपंच द्वारा जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर मकान बनाने का दोषी पाया गया। वहीं सरपंच द्वारा शिक्षा के असली दस्तावेजों के साथ पेश होने के बारे में कहा गया। लेकिन सरपंच कोई दस्तावेज पेश नहीं कर पाया। इस पर उपायुक्त निशांत यादव ने सरपंच को तुंरत प्रभाव से निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं।