गोंदर गांव के सूरज राणा की हत्या में आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा का पुलिस पर फायरिंग के मामले में चार दिन का रिमांड शुक्रवार को पूरा हो गया। अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए हैं।
रिमांड के दाैरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी यूपी से खुद हथियार खरीदकर लाया था। सूरज की हत्या के दाैरान भी उसके पास हथियार था। अब घराैंडा थाना पुलिस हथियार मुहैया करवाने वाले आरोपी के ठिकानों पर दबिश दे रही है। सूरज की हत्या मामले में सीआईए दो आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लेकर रिमांड हासिल करेगी। रिमांड के दाैरान हत्या में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में पूछताछ की जाएगी। अगर अन्य लोगों की संलिप्तता पाई गई तो पुलिस उन्हें गिरफ्तार करेगी।
घराैंडा थाना प्रभारी इंद्र सिंह ने बताया कि सीआईए दो की टीम को 26 अप्रैल की रात को गुप्त सूचना मिली थी कि गोंदर गांव के सूरज की हत्या में शामिल आरोपी गोविंद उर्फ गोविंदा फुरलक के पास से बाइक पर जा रहा है। पुलिस ने आरोपी को सरेंडर करने की बात कही तो आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई में गोली चलाई तो आरोपी के पैर में गोली लगी थी। मंगलवार को आरोपी को अदालत में पेश करके चार दिन का रिमांड लिया गया था।