हरियाणा के करनाल जिले में एक युवक को सोमवार की रात अपने घर पर बुलाकर बर्फ तोड़ने वाले सुए और गंडासी से हमला कर हत्या कर दी गई। मामला प्रेम प्रसंग का बताया जा रहा है। मृतक युवक के परिजनों का आरोप है कि लड़की ने ही फोन कर गोविंद (24) से कहा कि उसकी मां हम दोनों का रिश्ता करने के लिए तैयार हो गई है। इसके बाद ही वह उस लड़की के घर चला गया। जहां लड़की के परिवार के करीब 10 लोगों ने मिलकर उसकी हत्या कर दी।
दो आरोपियों ने खुद थाने पहुंचकर वारदात की जानकारी दी। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया है, लेकिन किसी की गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं की है। परिजनों की शिकायत के आधार पर पुलिस ने करीब 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वारदात दयानगर में हुई। मृतक युवक वाल्मीकि बस्ती का रहने वाला था। पुलिस ने रात को ही शव कब्जे में लेकर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज के शव गृह में रखवाया। एफएसएल की टीम ने मौके का मुआयना किया और सुबह पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया।
यह भी पढ़ें : सियासत: कुलदीप बिश्नोई बोले- केजरीवाल हरियाणा को SYL का पानी देने का एलान करे तो मैं उनकी स्टेज पर चढ़ जाऊंगा
परिजनों ने किया प्रदर्शन
मृतक गोविंद के परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर मंगलवार सुबह तरावड़ी में प्रदर्शन किया। करीब एक घंटे बाद पुलिस के समझाने के बाद वह शांत हुए।
मां कैंसर पीड़ित, मजदूरी करता था चार बहनों का इकलौता भाई गोविंद
मृतक की मां कैसर से पीड़ित है, वहीं पिता रिक्शा चलाकर अपने घर का गुजारा कर रहे हैं। गोविंद भी मजदूरी कर अपने पिता का सहारा बन रहा था। वह चार बहनों का इकलौता भाई था। गोविंद की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुराहाल है।
यह भी पढ़ें : सावधान: सोशल मीडिया पर फोटो का हो सकता है गलत इस्तेमाल, किशोरियां हो रहीं शिकार
पहले भी छेड़छाड़ के आरोप में भिजवाया था जेल
मृतक गोविंद के चचेरे भाई टीटू ने बताया कि लड़की के परिजनों ने गोविंद को पहले छेड़छाड़ का आरोप लगाकर जेल भिजवा दिया था। एक माह पहले ही वह जमानत पर आया था। इसके बाद भी लड़की के परिजन उससे रंजिश रखे हुए थे। सोमवार को लड़की ने खुद फोन कर उसे रिश्ते के लिए घर बुलाया, जैसे ही वह गली में पहुंचा उसके परिजनों ने उस पर हमला कर दिया।
गोविंद की हत्या के मामले में परिजनों की शिकायत के आधार पर करीब 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। तफ्तीश के बाद ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा और आगामी कार्रवाई की जाएगी।
- संदीप, इंस्पेक्टर, थाना तरावड़ी