संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने सोमवार को घरौंडा स्थित कार्यालय सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल्स (सीईवी) के विषय वस्तु विशेषज्ञ प्रमोद कुमार (ग्रुप बी) को 35 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7, 1988 के अंतर्गत थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
ब्यूरो को शिकायत मिली थी कि आरोपी ने ऑनलाइन आवेदन और आवश्यक राशि जमा करने इत्यादि प्रक्रिया को दरकिनार कर सब्जी उत्कृष्टता केंद्र, घरौंडा में उगाए गए खरबूजे के 10 हजार पौधों को साढ़े तीन रुपये प्रति पौधा की दर से बेचने के एवज में 35 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। यह राशि एक माध्यम व्यक्ति के जरिये ली जा रही थी। ब्यूरो की टीम ने सोमवार को आरोपी को रिश्वत की राशि के साथ रंगेहाथ पकड़ा।
हरियाणा सतर्कता ब्यूरो के करनाल रेंज के पुलिस अधीक्षक गंगाराम पूनिया ने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचार के प्रति शून्य सहनशीलता की नीति के तहत इस प्रकार की कार्रवाई भविष्य में भी सख्ती से जारी रहेगी। यदि कोई भी सरकारी अधिकारी/कर्मचारी किसी सरकारी कार्य के बदले रिश्वत मांगता है या भ्रष्टाचार का दबाव बनाता है तो तुरंत हरियाणा भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की हेल्पलाइन 1064 अथवा 1800-180-2022 पर संपर्क करें।