संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। शहर की न्यू वजीरचंद कॉलोनी में तारों का जंजाल लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गया है। बिजली की तारें कई घरों की छतों के ऊपर से होकर गुजर रही हैं, जिससे हमेशा हादसे का खतरा बना रहता है। लोग हर वक्त डर में जी रहे हैं। बच्चों के खेलने और कपड़े सुखाने के दौरान बड़ा हादसा होने का खतरा रहता है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि कॉलोनी में जल्द सर्वे कराकर ढीली और झूलती तारों को ठीक कराया जाए।
- घर की छत से गुजर रही हाईवोल्टेज तार
कॉलोनी निवासी कमल शर्मा ने बताया कि उनके घर की छत के बिल्कुल ऊपर से हाईवोल्टेज तार गुजर रही है। बच्चों को छत पर खेलने नहीं जाने देते क्योंकि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।
- कई बार दी शिकायत नहीं हुई कार्रवाई
मनोज ने बताया कि कुछ दिन पहले हवा चलने पर तार आपस में टकरा गए और चिंगारी निकलने लगी थी। बिजली विभाग को कई बार शिकायत दी गई लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
- बारिश के समय खतरा और बढ़ जाता
मोनिका ने कहा कि जगह-जगह लटकती तारों के जंजाल से न केवल जान का खतरा है बल्कि यह पूरे इलाके की सुंदरता भी बिगाड़ रही हैं। बारिश के मौसम में तो करंट फैलने का डर और बढ़ जाता है।
- खंभे दूर-दूर होने से तारें लटक रहीं
सुनील वर्मा ने बताया कि बिजली विभाग ने तारों को व्यवस्थित नहीं किया। खंभे दूर-दूर लगे हैं, जिससे तार ढीले होकर लटक रही हैं। अगर समय रहते सुधार नहीं हुआ तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।