करनाल। विज्ञान में नवाचार पर आधारित मॉडल तैयार करके स्कूली विद्यार्थी अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। इसमें वे विज्ञान की तकनीकों पर आधारित भविष्य की समस्याओं और उनके समाधान पर भी प्रकाश डालेंगे। एससीईआरटी के निर्देश पर जिला स्तरीय बाल विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा। 21 नवंबर को प्रदर्शनी का आयोजन शेखपुरा खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के मैदान में होगा। खास बात यह है कि इसमें थर्माकोल पर आधारित मॉडल मान्य नहीं होगा।
प्रदर्शनी सुबह साढ़े नौ बजे शुरू होगी। जिसमें जिले के सभी छह खंडों के विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। प्रत्येक खंड को सात विषयों पर आधारित मॉडल प्रस्तुत करने होंगे। इनमें खंड स्तर पर विजेता रहे 21 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे। इसी अनुसार, सभी छह खंडों से कुल 126 टीमें प्रतिभागिता करेंगी। इस स्तर पर विजेता रहे विद्यार्थी राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे।
जिला विज्ञान विशेषज्ञ दीपक वर्मा ने बताया कि कुल सात विषय निर्धारित किए गए हैं। जिनमें फूड हेल्थ एंड हाईजीन, ट्रांसपोर्ट एंड कॉम्यूनिकेशन, नेचुरल फार्मिंग, डिजास्टर मैनेजमेंट, मैथ मॉडलिंग, जल प्रबंधन, रिसोर्स प्रबंधन आदि शामिल हैं। विद्यार्थियों को विभाग की ओर से जारी गाइडलाइन का पालन करना होगा। ब्यूरो
ये हैं निर्देश
- केवल खंड स्तर के विजेता प्रतिभागी ही इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे।
- विद्यार्थी केवल निर्धारित सात विषयों पर आधारित ही प्रस्तुति देंगे।
- थर्माकोल पर आधारित मॉडल मान्य नहीं होगा।
- एक विद्यार्थी प्रतिभागी केवल एक प्रस्तुति ही दे सकता है।
- प्रतिभागी के पास स्कूल द्वारा जारी पहचान पत्र होना अनिवार्य है।
- प्रत्येक प्रतिभागी को 2 बाई 3 फुट का बैनर भी लाना होगा, जिस पर स्कूल का नाम, कोड और जिले का नाम होना अनिवार्य है।