माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। स्नातक में दाखिले के लिए पहली वरीयता सूची में जिन विद्यार्थियों का नाम आया था और वे तय समय में फीस जमा करा दाखिला नहीं ले पाए, वे संबंधित कॉलेज में जाकर आज दाखिला करा सकते हैं। उच्चतर शिक्षा विभाग ने ऐसे विद्यार्थियों को एक मौका दिया है।
पहली मेरिट लिस्ट की वैधता को एक दिन के लिए बढ़ा दिया है, विभाग का यह निर्णय विद्यार्थियों को काफी राहत देने वाला है। अब तक केवल 12 अगस्त को जारी हुई पहली मेरिट लिस्ट के विद्यार्थी 16 अगस्त तक फीस जमा कराकर दाखिला ले सकते थे। इसी शेड्यूल के आधार पर मंगलवार शाम को दाखिला प्रक्रिया संपन्न हो चुकी थी। अब दूसरा चरण शुरू होना था पर इससे पहले बुधवार को विभाग की ओर से मेरिट सूची की वैधता को 18 अगस्त शाम पांच बजे तक कर दिया गया। इधर शहर के दोनों राजकीय कॉलेजों में 55 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। अन्य विद्यार्थी आज दाखिला करा सकते हैं।
देरी से आया पत्र, मिला एक दिन
विभाग की ओर से तिथि संबंधी पत्र जारी किया गया है। जिसमें पहली मेरिट लिस्ट के विद्यार्थियों के लिए फीस जमा करने की अंतिम तिथि 18 अगस्त करने के निर्देश हैं। जिसके अनुसार विद्यार्थियों को 17 और 18 अगस्त दो दिन दिए हैं, लेकिन विभाग का यह पत्र बुधवार शाम पांच बजे के बाद अधिकारियों को मिला। जिस कारण 17 अगस्त का दिन यूं ही निकल गया। चूंकि पांच बजे कॉलेज और बैंक दोनों ही बंद हो गए। ऐसे में विद्यार्थियों के पास मात्र एक दिन है, जिसमें वे ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड पर फीस जमा करवा सकते हैं।
कॉलेज, बैंक थे बंद, नहीं जमा हुई फीस
विभाग की ओर से विद्यार्थियों को फीस जमा करवाने के लिए ऑनलाइन व ऑफलाइन दोनों मोड का विकल्प था। 13 से 16 अगस्त तक फीस जमा करवाई जा सकती थी। 13 अगस्त दूसरे शनिवार और 14 अगस्त रविवार की छुट्टी थी। जबकि 15 अगस्त को राष्ट्रीय पर्व का अवकाश रहा। वहीं ऑनलाइन मोड पर भुगतान करने के लिए यूपीआई और नेट बैंकिंग का होना अनिवार्य है। जिनके पास यह सुविधा है उन्होंने किसी तरह फीस जमा कर दी। जिस आवेदक व अभिभावक के खाते में रुपये नहीं थे और ऑनलाइन बैंकिंग की सुविधा नहीं थी, वे इससे वंचित रह गए हैं।
पीजी कॉलेज में हुए सर्वाधिक दाखिले
शहर के छह कॉलेजों में से पंडित चिरंजीलाल शर्मा राजकीय पीजी कॉलेज में सर्वाधिक दाखिले हुए हैं। यहां कुल 1750 सीटों में से 884 पर विद्यार्थियों ने फीस जमा कराकर दाखिला लिया है। इसी तरह राजकीय कन्या महाविद्यालय में भी 960 सीटों में से 552 सीटें भर चुकी हैं। जबकि अन्य कॉलेजों में अभी 30 से 40 प्रतिशत सीटों पर दाखिले हुए हैं।
द्वितीय, अंतिम वर्ष की प्रक्रिया बंद
वहीं कॉलेजों में स्नातक कोर्स के द्वितीय और तृतीय वर्ष में दाखिला प्रक्रिया बुधवार को संपन्न हुई। यह प्रक्रिया 14 अगस्त को खत्म हो चुकी थी। विभाग की ओर से बाद में अंतिम तिथि को बढ़ाकर 17 अगस्त तक कर दिया गया था। इस दौरान भी काफी विद्यार्थियों ने दाखिले कराए। अब विद्यार्थियों को लेट फीस के साथ दाखिला लेना होगा।
किस कॉलेज में कितने दाखिले
कॉलेज सीट दाखिले
राजकीय पीजी कॉलेज 1750 884
राजकीय कन्या महाविद्यालय रेलवे रोड 960 552
डीएवी पीजी कॉलेज 790 246
गुरु नानक खालसा कॉलेज 700 311
राजकीय महाविद्यालय निगदू 240 48
राजकीय महाविद्यालय असंध 320 138
राजकीय महाविद्यालय इंद्री 640 240
विभाग की ओर से फीस जमा करने की तिथि बढ़ाकर 18 अगस्त कर दी है। वहीं फीस जमा न करवा पाने वाले विद्यार्थी 26 अगस्त को ओपन काउंसिलिंग में भाग ले सकते हैं।
- डॉ. सुभाष जागलान, दाखिला नोडल अधिकारी, राजकीय पीजी कॉलेज