आवेदन फार्म भरने लगे विद्यार्थी, परिवार पहचानपत्र जरूरी
- 20 दिन चलेगी कॉलेजों में फार्म भरने की प्रक्रिया, 19 कॉलेजों में हैं 11190 सीटें
माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। कॉलेजों में दाखिले के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। अब पोर्टल खुला होने से विद्यार्थी भी फार्म भरने लगे हैं। मंगलवार को सैकड़ों विद्यार्थियों ने आवेदन फार्म भरा। इस बार भी दाखिला फार्म भरने के लिए परिवार पहचान पत्र यानी पीपीपी को अनिवार्य किया गया है। कई विद्यार्थी बिना परिवार पहचान पत्र के ही दाखिला फार्म भरने के लिए पहुंच गए थे, ऐसे में फार्म नहीं भर पाए।
विदित हो कि उच्चतर शिक्षा निदेशालय की ओर से तीन जून से पोर्टल खोलने का दिन निर्धारित किया गया था। जारी अधिसूचना के अनुसार, 25 जून तक विद्यार्थियों के लिए दाखिले का आवेदन फार्म भरने का दिन निर्धारित किया गया है। लेकिन पहले ही दिन पोर्टल न खुलने के कारण प्रक्रिया शुरू नहीं हो पाई। अब विद्यार्थियों के पास फार्म भरने के लिए 20 दिन शेष हैं। राजकीय कॉलेज के दाखिला नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष जागलान ने कहा कि कॉलेजों की ओर से भी विद्यार्थियों को अपने दस्तावेज तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं ताकि आवेदन फार्म भरने के दौरान कोई परेशानी न आए। क्योंकि एक फार्म भरने में करीब 20 से 25 मिनट का समय लगता है।
जिले के 19 कॉलेजों में स्नातक की कुल 11190 सीटें हैं, जहां पर दाखिले की दौड़ में 18806 विद्यार्थी रहेंगे। इस बार हरियाणा बोर्ड के 10089 और सीबीएसई के 8717 विद्यार्थियों ने कक्षा 12वीं की परीक्षा उत्तीर्ण की है। राजकीय कॉलेजों में 5765, एडेड में 3435 और सेल्फ फाइनेंस कॉलेजों में 1990 सीटें हैं। ब्यूरो
आवेदन फार्म के लिए इन दस्तावेजों की है जरूरत-
-पासपोर्ट साइज फोटो की स्कैन कॉपी।
-हस्ताक्षर की स्कैन कॉपी।
-10वीं और 12वीं की मार्कशीट।
-माईग्रेशन सर्टिफिकेट सिर्फ हरियाणा बोर्ड विद्यार्थियों के लिए
-कैरेक्टर सर्टिफिकेट
- परिवार पहचान पत्र, बैंक खाते की पासबुक प्रति
इस कॉलेज में हैं इतनी सीटें
कॉलेज
सीट
राजकीय पीजी कॉलेज
1750
राजकीय महिला कॉलेज रेलवे रोड
960
राजकीय कॉलेज मटक माजरी
675
राजकीय कॉलेज असंध
320
राजकीय कॉलेज घरौंडा
520
राजकीय कॉलेज निगदू
240
राजकीय कॉलेज तरावड़ी
300
राजकीय कन्या कॉलेज बसताड़ा
260
राजकीय कन्या कॉलेज जुंडला
260
राजकीय कन्या कॉलेज बस्तली
240
राजकीय कन्या कॉलेज पाढ़ा
240
दयाल सिंह कॉलेज
1440
डीएवी कॉलेज
1255
गुरु नानक खालसा कॉलेज
740
केवीए डीएवी कॉलेज
1220