माई सिटी रिपोर्टर
करनाल। महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को दाखिले के अपने सभी दस्तावेज अपडेट अपलोड करवाने होंगे। कोई भी प्रमाणपत्र छह माह से पुराना नहीं होना चाहिए। ऑनलाइन आवेदन करते समय छह माह से पुराने दस्तावेज जमा करवाने पर विद्यार्थी का फॉर्म सत्यापित नहीं होगा।
इस कारण विद्यार्थी को दाखिला लेने में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। वहीं छात्रवृत्ति का लाभ लेने वाले विद्यार्थियों को अपने परिवार पहचान पत्र में बैंक खाते को अटैच करवाना अनिवार्य है। बिना परिवार पहचान पत्र में बैंक खाता अटैच के विद्यार्थी की छात्रवृत्ति रुक जाएगी।
दरअसल, नए सत्र के लिए महाविद्यालयों में स्नातक के दाखिलों के लिए उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से शेड्यूल जारी किया जा चुका है। इस बार विद्यार्थियों को दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के लिए सिर्फ 22 दिन मिलेंगे। दाखिला प्रक्रिया 19 मई से शुरू हो चुकी है, जोकि नौ जून तक जारी रहेगी। विद्यार्थी आवेदन में 10 जून तक सुधार कर सकते हैं।
वहीं महाविद्यालयों में 15 जून तक विद्यार्थियों के दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया जारी रहेगी। जिले के 15 कॉलेजों में स्नातक की 10680 सीटे हैं, जिन पर दाखिला दिया जाएगा। इस बार हरियाणा बोर्ड और सीबीएसई मिलाकर कुल 18169 विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा पास की है।
परीक्षाओं के चलते नहीं बनाए हेल्प डेस्क
उच्चतर शिक्षा विभाग की ओर से इस बार मई माह में ही दाखिलों के लिए ऑनलाइन प्रक्रिया शुरू करवा दी गई है। अमूमन हर साल महाविद्यालयों में दाखिला प्रक्रिया जून माह में आरंभ करवाई जाती थी। वहीं इस समय महाविद्यालयों में परीक्षाओं का संचालन किया जा रहा है। इसके कारण कॉलेजों में हेल्प डेस्क नहीं बनाए गए हैं। हेल्प डेस्क न होने के कारण दाखिला लेने वाले विद्यार्थियों को दाखिले से संबंधित जानकारी प्राप्त करने में समस्या का सामना करना पड़ा रहा है।
महाविद्यालयों में दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। दाखिला लेते समय सभी विद्यार्थियों को अपने अपडेट दस्तावेज अपलोड करवाने अनिवार्य है। ताकि विद्यार्थियों को दाखिले से संबंधित किसी तरह की कोई परेशानी न आए। विभाग की गाइडलाइन के अनुसार कोई भी दस्तावेज छह माह से ज्यादा पुराना न हो। - डॉ. रेखा त्यागी, प्रिंसिपल, राजकीय पीजी कॉलेज