माई सिटी रिपोर्टर
करनाल।
राजकीय महिला महाविद्यालय में महिला प्रकोष्ठ, रेड क्रॉस एवं रेड रिबन समिति के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को पांच दिवसीय योग एवं मेडिटेशन कार्यशाला का समापन हुआ। इस दौरान छात्राओं ने सूक्ष्म व्यायाम के साथ-साथ सूर्य नमस्कार का अभ्यास किया। वज्रासन, भद्रासन, गोमुखासन, खड़े होकर करने वाले आसनों में ताड़ासन त्रिकोण आसन और पीठ के बाल लेटकर करने वाले आसनों में सेतुबंध, नौका आसान और उसके पश्चात पेट के बल लेट कर करने वाले आसनों में भुजंगासन करने के बाद प्राणायाम का अभ्यास किया।
योग विशेषज्ञ के रूप में पहुंची बीआरएम कॉलेज ऑफ एजुकेशन घरौंडा सहायक प्रोफेसर डॉ. नीना ने कहा कि योग साधना भारत में ऐतिहासिक ऋषि मुनियों की पुरातन संस्कृति से जुड़ी हुई है। योग के निरंतर अभ्यास के द्वारा शारीरिक एवं मानसिक स्थिति का विकास होता है। महिला प्रकोष्ठ अधिकारी डॉ. एकता अरोड़ा एवं रेड क्रॉस, रेड कमेटी इंचार्ज डॉ सुमन चौधरी के नेतृत्व में सभी छात्राओं ने योग किए।
इस अवसर पर मंत्र उच्चारण के साथ भी योगाभ्यास करवाया गया ।सुभाष शर्मा ने कहा सभी को प्राणायाम एवं योगाभ्यास करना चाहिए जिससे तनाव दूर रहेगा और शरीर लचीला और मजबूत बनेगा। योग मानसिक और शारीरिक दोनों परेशानियों का समाधान है। इस अवसर पर शारीरिक शिक्षा विभाग के विभाग अध्यक्ष डॉ. बलबीर सैनी का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर प्राध्यापक सीमा एवं दीपाली मौजूद रही।