करनाल। पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में शुक्रवार को जिला स्तरीय केबीसी यानी कुशल बिजनेस चैलेंज 2.0 प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। इसमें विद्यार्थियों ने पराली से डिस्पोजल बर्तन और कैरी बैग बनाए। साथ ही बताया कि किस तरह से पराली का बेहतर इस्तेमाल करते हुए कमाई की जा सकती है।
हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में खंड स्तर पर चयनित 29 स्कूलों की टीमों में 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता में राजकीय स्कूलों के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मक सोच और नवाचार क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया। प्रथम राउंड में विशेषज्ञों की जूरी ने मूल्यांकन के बाद 10 श्रेष्ठ स्कूलों का चयन किया। इन चयनित स्कूलों को पुरस्कार स्वरूप पांच-पांच हजार रुपये दिए जाएंगे। दिसंबर में आयोजित होने वाले द्वितीय राउंड में यही 10 स्कूल अपनी अंतिम प्रस्तुति देंगे, जिनमें से पांच सर्वश्रेष्ठ टीमों का चयन होगा। ये टीमें राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी। इन चयनित टीमों को परिषद की ओर से 20-20 हजार रुपये पुरस्कार के रूप में प्रदान किए जाएंगे।