संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। कर्ण कैनाल स्थित हारटोन सेंटर पर कंप्यूटर सीखकर लौट रहे एक युवक पर आठ लड़कों ने लाठी-डंडो से हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी मारपीट के बाद युवक का मोबाइल भी छीनकर फरार हो गए। राहगीरों ने उसे नागरिक अस्पताल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया और परिजनों को सूचना दी।
दलियानपुर गांव निवासी मेघ सिंह ने सिविल लाइन थाना पुलिस को बताया कि 10 जून को दोपहर साढ़े 12 बजे के करीब उसका बेटा अश्वनी कर्ण कैनाल स्थित हारटोन सेंटर पर गया हुआ था। वह अर्चना कथूरिया शिक्षक के पास कंप्यूटर सीखने जाता है। हारटोन सेंटर के सामने इंस्टा कैफे है। जब उसका बेटा अश्वनी सेंटर से बाहर निकला तो कैफे पर बैठे रोहित, साहिल, आयुष व अन्य छह लड़कों ने शराब के नशे में उसके बेटे के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसके बेटे ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। उसके बेटे ने मौके से भागकर जान बचाई। राहगीरों ने उसके लड़के को नागरिक अस्पताल करनाल के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।