संवाद न्यूज एजेंसी
करनाल। राहुल गांधी के भारत जोड़ो यात्रा में बम विस्फोट करने की धमकी के तार करनाल से जुड़ रहे हैं। धमकी भरे पत्र में जिस अमनदीप का जिक्र है, वह करनाल के निसिंग कस्बे का रहने वाला है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि यह 25 वर्षीय युवक टैक्सी ड्राइवर है। इस संबंध में मध्यप्रदेश पुलिस ने करनाल एसपी गंगा राम पूनिया से भी बातचीत की है।
मध्य प्रदेश के इंदौर में 24 नवंबर को कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा पहुंचेगी। इससे पहले मिली बम विस्फोट की धमकी से केंद्र और प्रदेश सरकारों की नींद उड़ गई है। मध्य प्रदेश पुलिस की जांच में प्रथमदृष्टया इस मामले के तार हरियाणा के करनाल से जुड़ रहे हैं। दरअसल, पुलिस को मिले कागज पर हाथ से धमकी भरे शब्द लिखे हैं। इस कागज में एक तस्वीर लगी है, जिस पर नाम अमनदीप सिंह, पिता ज्ञान सिंह, उम्र 25 साल, मकान नंबर-52 ब्लाक नंबर एक जिला करनाल छपा है। इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने करनाल एसपी गंगा राम पूनिया से इस संबंध में संपर्क किया। करनाल एसपी के आदेश पर निसिंग पुलिस ने आरोपी युवक अमनदीप को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है। पूछताछ में अमनदीप ने बताया कि उसके ऊपर इंदौर में वर्ष 2021 में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज है। इस केस के सिलसिले में वह वहां जाता रहता है। कुछ माह पहले भी वह इंदौर गया था, जहां से आते समय उसके कुछ दस्तावेज वहां गिर गए थे। इसमें उसका आधार कार्ड भी था। उसने बताया कि राहुल गांधी से उसका कोई लेना देना नहीं है। न ही उसने कोई धमकी भरा पत्र लिखा है।
मध्य प्रदेश पुलिस के संपर्क करने के बाद संबंधित युवक को पूछताछ के लिए बुलाया गया था, लेकिन जांच में कुछ भी सामने नहीं आया है। ऐसे में उसे पूछताछ कर छोड़ दिया गया है।
गंगाराम पूनिया, एसपी, करनाल।