करनाल। मिरघेन गांव में आवारा कुत्तों के हमले में महिला की मौत के बाद ग्रामीणों में दहशत है। बुधवार को हालात ऐसे रहे कि अभिभावकों ने बच्चों को घरों से बाहर नहीं निकलने दिया। गांव की गलियों और चौराहों पर आवारा कुत्तों के झुंड बैठे नजर आए। एक गली में कुत्तों का झुंड देखकर बच्चा भी रास्ता पार करने की हिम्मत नहीं जुटा पाया और लौट गया। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कुत्तों की संख्या लगातार बढ़ रही है, लेकिन दो साल से इन्हें पकड़ने और इनकी नसबंदी कराने के लिए कोई इंतजाम नहीं किए जा रहे।
सरपंच कृष्ण लाल ने बताया कि करीब दो साल पहले भी गांव में कुत्तों का आतंक बढ़ गया था। उस समय कुत्तों ने भेड़ पालक मोहन के बाड़े में घुसकर 10 से 12 भेड़ों को मार डाला था। इसके बाद पंचायत विभाग को पत्र लिखकर कुत्तों को पकड़ने की मांग की गई थी। विभाग की ओर से निजी तौर पर कुछ कर्मचारियों को भेजा गया था, जिन्होंने कुत्तों को पकड़कर यमुना नहर के पास छोड़ दिया था। अब फिर गांव में कुत्तों की संख्या बढ़ने लगी है। सरपंच ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि गूंजा गढ़ी के साथ लगते मिरघेन गांव में महिला किरण पर कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अब विभाग को पत्र लिखकर कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी कराने की मांग की जाएगी।
सुबह चार बजे सैर के लिए निकली थी किरण
मृतका के पति राजू ने बताया कि उनकी पत्नी मंगलवार सुबह करीब चार बजे सैर के लिए घर से निकली थी। कुछ देर बाद गांव के रितेश ने उन्हें सूचना दी कि उनकी पत्नी की कुत्तों के हमले में मौत हो गई है। किरण का शव गांव की मुख्य गली में पड़ा था। सूचना मिलते ही वह परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे और शव को घर ले आए। राजू ने बताया कि परिवार ने पोस्टमार्टम नहीं कराया। रिश्तेदारों के पहुंचने के बाद दोपहर में अंतिम संस्कार कर दिया गया। उनका कहना है कि गांव में कुत्तों का आतंक इस कदर बढ़ गया है कि लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो रहा है।
खेतों में जाने के लिए रखनी पड़ती है लाठी
ग्रामीण जोगी ने बताया कि रात के समय खेतों में आना-जाना लगा रहता है। कुत्तों के हमले के डर से वह हमेशा अपने साथ लाठी रखते हैं। कई बार कुत्ते उन पर हमला करने की कोशिश करते हैं, लेकिन लाठी दिखाने पर उन्हें भगाने में कामयाब हो जाते हैं।
पोस्टमार्टम नहीं होने पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
ग्रामीण राजेश ने बताया कि परिवार ने पोस्टमार्टम कराए बिना ही महिला का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, विनोद ने कहा कि महिला पर कुत्तों के हमले की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट होनी चाहिए। ग्रामीण राजबीर का कहना है कि किरण की मौत की भरपाई तो नहीं हो सकती, लेकिन पोस्टमार्टम कराया जाता तो परिवार को सरकारी आर्थिक सहायता मिलने की संभावना बन सकती थी। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में बढ़ते कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।
गांव मिरघेन की गली में बैठे कुत्ते और पास में खड़ा बच्चा। संवाद
गांव मिरघेन की गली में बैठे कुत्ते और पास में खड़ा बच्चा। संवाद